हरभजन सिंह और गौतम गंभीर भले ही लंबे समय से टीम इंडिया में बाहर हों लेकिन उनकी वापसी की आस अभी भी बनी हुई है।
विज्ञापन
अनुभवी स्पिनर हरभजन को ईरानी कप में शेष भारत टीम का कप्तान बनाया गया है। 15 सदस्यीय टीम में खराब फॉर्म से जूझ रहे गौतम गंभीर को भी शामिल किया गया है। हालांकि गंभीर ने इस सत्र में 600 के करीब रन बनाए थे।
शेष भारत की टीम रणजी चैंपियन कर्नाटक के खिलाफ बंगलूरू में नौ फरवरी से पांच दिवसीय मैच में भिड़ेगी। कर्नाटक ने रविवार को महाराष्ट्र को सात विकेट से हराकर सातवीं बार रणजी ट्रॉफी पर कब्जा जमाने में सफल रहा था।
विज्ञापन
Trending Videos
युवराज और सहवाग को यहां भी जगह नहीं
भले ही टीम इंडिया को अनुभवी बल्लेबाजों की कमी खल रही हो, लेकिन टीम प्रबंधन ने आउट ऑफ फॉर्म बल्लेबाजों को मौका नहीं देने का फैसला बरकरार रखा है।
खराब फॉर्म से जूझ रहे दो अन्य अनुभवी खिलाड़ी युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग को एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया गया है। दोनों ही बल्लेबाजों को घरेलू क्रिकेट में बेहद निराशाजनक खेल रहा था। सहवाग तो बिल्कुल ही लय में नहीं दिख रहे थे।
हरभजन सिंह को टीम में शामिल करने का मतलब है कि वह अभी भी टेस्ट टीम के लिए चयनकर्ताओं की योजनाओं का हिस्सा हैं। ऐसा ही कुछ गंभीर के साथ भी है जो मैच में पंजाब के जीवनजोत के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
चयनकर्ताओं के कुछ और चौंकाऊ फैसले
हालांकि चयनकर्ताओं ने इस मुकाबले के लिए कुछ और चौंकाने वाले फैसले लिए। इस बार रणजी सत्र में सर्वाधिक 49 विकेट लेने वाले हिमाचल प्रदेश के रिशी धवन को टीम में शामिल नहीं किया है।
जबकि रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज केदार जाधव (1223 रन) के अलावा उभरते बल्लेबाज जीवनजोत सिंह, तमिलनाडु के बाबा अपराजित, महाराष्ट्र के अंकित बावने और पंजाब के मंदीप सिंह को इस टीम में जगह मिली है।
महाराष्ट्र के युवा बल्लेबाज अंकित बावने ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन अपनी टीम की हार को टाल नहीं सके।
इस मैच में जहां तक फिरकी गेंदबाजी विभाग का सवाल है, हरभजन के अलावा अमित मिश्रा भी मोर्चा संभालेंगे। जबकि अपनी कप्तानी में जम्मू-कश्मीर टीम को पहली बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाने वाले फिरकी गेंदबाज परवेज रसूल भी इस टीम में शामिल किए गए हैं।
हालांकि राजस्थान के अनुभवी तेज गेंदबाज पंकज सिंह भी इस टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। इस साल उन्होंने 39 विकेट झटके हैं। पांच दिवसीय इस मैच में अशोक डिंडा और अनुरीत सिंह के अलावा वरुण आरोन पर तेज गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।
घोषित शेष भारत की टीम : हरभजन सिंह (कप्तान), जीवनजोत सिंह, गौतम गंभीर, बाबा अपराजित, केदार जाधव, अंकित बावने, दिनेश कार्तिक, अमित मिश्रा, पंकज सिंह, अशोक डिंडा, वरुण आरोन, परवेज रसूल, अनुरीत सिंह, नटराज बेहेरा, मनदीप सिंह।