कोलकाता नाइटराइडर्स को राजस्थान रॉयल्स के हाथों मिली हार से बेहद निराश कप्तान गौतम गंभीर ने माना है कि उनकी टीम पिछले तीनों मैचों में जीतने की स्थिति में आकर ही पराजित हुई है जो चिंता का विषय है।
राजस्थान के हाथों सुपर ओवर में पराजित होने के बाद केकेआर के कप्तान ने कहा, "हमारे लिए एक बार फिर पराजित टीम के स्थान पर खडे़ होना बहुत निराशाजनक है। हम बेहतर स्थिति में होने के हकदार थे। हमने पिछले जितने ही मैच हारे हैं उनमें भी हम जीतने की स्थिति में थे लेकिन आखिरकार हमें हार का सामना करना पड़ा।"
पिछले 5 मैचों में 3 बार शून्य और फिर 1 रन पर आउट होने वाले कप्तान गंभीर ने राजस्थान के खिलाफ मैच में 44 गेंद में 45 रन बनाए।
पर फॉर्म में लौटने से खुश हैं गौती
फॉर्म में वापस लौटने पर पूछे जाने पर कप्तान गंभीर ने कहा, "फॉर्म में वापस लौटना बेहद जरूरी था। सकारात्मकता के साथ टीम का नेतृत्व करना होगा। यही पिछले तीन वर्षों में मेरा काम रहा है। मुझे उम्मीद है कि अब यहां से आगे के मैचों में मै ज्यादा आक्रामकता के साथ खेलूंगा।"
कोलकाता ने 5 मैचों में अभी तक 2 ही जीते हैं और वह 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
रहाणे ने खुद को बताया द्रविड़ सा कूल क्रिकेटर
राजस्थान रॉयल्स के ओपनर अजिंक्य रहाणे ने कहा कि टीम के कप्तान शेन वॉटसन और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ की ही तरह वह भी शांत और खुशमिजाज हैं।
कोलकाता के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाने वाले रहाणे ने कहा, "वॉटसन एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। कई मायनों में वह राहुल भाई की तरह हैं। राहुल भाई की तरह ही वॉटसन भी शांत रहते हैं और आराम से ही निर्णय लेते हैं। दोनों ही दबाव में भी पूरे संयम के साथ खेलते हैं और सही समय पर निर्णय लेते हैं।"
रहाणे ने मैच में 59 गेंदों में 72 रन की अहम पारी खेली थी। उन्होंने अपनी इस शानदार पारी का श्रेय टीम के मेंटर की भूमिका निभा रहे द्रविड़ को देते हुए कहा, "राजस्थान ने मुझे एक सीनियर बल्लेबाज की भूमिका सौंपी है। एक बल्लेबाज के तौर पर मेरे ऊपर अब और जिम्मेदारी आ गई है क्योंकि राहुल भाई भी टीम में नहीं हैं।"
मोदी की किस्मत पर फैसला 6 को
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के चुनाव परिणामों की घोषणा पर लगी रोक को हटा दिया। इसके बाद 6 मई को इन परिणामों की घोषणा की जा सकती है जिसमें पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी भी उम्मीदवार हैं।
शीर्ष अदालत ने आरसीए के चुनाव परिणामों की घोषणा पर लगी रोक को हटाने के साथ ही चुनाव अधिकारियों को सीलबंद बैलेट बॉक्स को 6 मई को खोलकर परिणामों की घोषणा करने के निर्देश दिए हैं।
गत वर्ष 19 दिसंबर को जयपुर में आरसीए के चुनाव हुए थे। आरसीए चुनावों में पूर्व निलंबित आईपीएल कमिश्नर मोदी अध्यक्ष पद पर प्रमुख उम्मीदवार हैं। बीसीसीआई और आरसीए के पूर्व अध्यक्ष किशोर रूंग्टा मोदी के आरसीए का चुनाव लड़ने का लगातार विरोध कर रहे थे। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई को एक स्वायत्त संस्था होने के नाते आरसीए के खिलाफ कार्रवाई करने की अनुमति दे दी है।
'क्रिकेट से ही सुधरेगा भारत-पाक के बीच रिश्ता'
दुनिया के महान क्रिकेटरों में शुमार इमरान खान ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच खेल और राजनीतिक रिश्तों में सुधार ही दोनों देशों के बीच दोस्ती और शांति स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने कहा, "मेरे हिसाब से भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट रिश्तों में सुधार करना दोनों देशों के लिए बहुत अहम है। यह लोगों के बीच बेहतर रिश्ते स्थापित करने का भी काम करेगा। भारत और पाकिस्तान यदि आपसी सौहार्द बनाकर रखें तो वे एक दूसरे से बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। अच्छे रिश्ते हमें बहुत फायदा पहुंचा सकते हैं और खराब रिश्ते हमसे बहुत कुछ छीन सकते हैं।"
पीसीबी के अध्यक्ष नजम सेठी ने हाल ही में बीसीसीआई के साथ दोनों देशों के बीच भविष्य में पांच सीरीज कराने को लेकर करार किया है।