पिछली विश्व कप के फाइनल में हार का बदलता लेते हुए नीदरलैंड्स ने स्पेन को अपने पहले मैच में करारी शिकस्त दी है। नीदरलैंड्स के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए 5 गोल किए जबकि स्पेन की टीम सिर्फ 1 ही गोल कर पाई।
सफेद जर्सी में खेल रहे स्पेन के खिलाड़ियों ने मैच की शुरुआत में काफी दमखम दिखाया और मैच के 12वें मिनट में स्पेन को गोल करने का एक मौका मिला, पर ऐंड्रेस इनिएस्टा निशाना चूक गए। इसके बाद मैच के 27वें मिनट में स्पेन को पेनल्टी मिली, जिसे जेवी अलोंसो ने गोल में तब्दील कर दिया।
नीदरलैंड ने दिखाया बेहतरीन खेल
नीदरलैंड्स के खिलाड़ी पहला गोल खाने के बाद पूरी तरह से स्पेन की टीम पर टूट पड़े और डिफेंड को पूरी तरह से तोड़ डाला। यहीं से मैच पलट गया और मैच के 44वें मिनट में नीदरलैंड्स के वेन पर्सी ने डाइव करते हुए शानदार हेडर लगाया और गेंद को स्पेनिश गोलपोस्ट में डाल दिया। यह गोल इस विश्व कप के बेहतरीन गोल में से एक चुना जा सकता है। मैच का पहला हाफ खत्म होने तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं।
खेल का दूसरा हाफ शुरू होते ही नीदरलैंड्स की टीम स्पेन पर भारी पड़ती दिखने लगी। मैच के 52वें मिनट में डच खिलाड़ी रोबेन ने स्पेनिश खिलाड़ियों को छकाते हुए शानदार गोल किया और नीदरलैंड्स को 2-1 की बढ़त दिला दी। मैच के 64वें मिनट में डि व्रिज ने भी हेडर के जरिए गोल कर दिया।
स्पेन की टीम रही हमेशा पीछे
71वें मिनट में नीदरलैंड्स के खिलाड़ी वेन पर्सी ने एक और शानदार गोल दागकर स्पेन की रही सही उम्मीदों को तोड़ दिया। 80वें मिनट में रोबेन ने भी एक गोल कर दिया और मैच में नीदरलैंड्स की बढ़त को 5-1 कर दिया।
इसके बाद स्पेन के खिलाड़ियों ने हार का अंतर कम करने की ढेर सारी नाकामयाब कोशिशें की। इस मैच में पर्सी और रोबेन ने नीदरलैंड्स की तरफ से 2-2 गोल दागे।