पिथौरागढ़ में उत्तराखंड का पहला महिला बॉक्सिंग हॉस्टल खुलने जा रहा है। महिला खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए खेल विभाग ने यह निर्णय लिया है। इसका प्रस्ताव भी तैयार हो चुका है।
बाहर करनी पड़ती है प्रैक्टिस
प्रियंका चौधरी, मोनिका सौन, कृष्णा थापा, कमला बिष्ट लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। कृष्णा थापा ने हाल ही में राष्ट्रीय खेलों में कांस्य पदक जीता है।
वहीं प्रियंका और मोनिका राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चैंपियन हैं और वर्ल्ड कप भी खेल चुकी हैं। लेकिन, महिला खिलाड़ियों के लिए राज्य में एक भी बॉक्सिंग हॉस्टल न होने के कारण उन्हें बाहर प्रैक्टिस करनी पड़ती है।
उप निदेशक खेल अजय अग्रवाल का कहना है कि पिथौरागढ़ में लड़कियों का बॉक्सिंग हॉस्टल खोला जाना है। योजना का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। इस पर वित्त विभाग ने कुछ सवाल किए हैं, जिनका जवाब दोबारा दिया जा रहा है। हॉस्टल में बेहतर सुविधा के साथ ही विशेष ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
बता दें कि राज्य में अभी तक छह खेल छात्रावास हैं, जिसमें से सिर्फ अगस्त्यमुनि में ही गर्ल्स हॉस्टल है, जो एथलेटिक्स का है। बालक बॉक्सिंग हॉस्टल कोटद्वार में है, जबकि स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून और साई सेंटर काशीपुर में भी पुरुष बाक्सर तैयार होते हैं।
अभी यहां खेल हॉस्टल
बालक
पिथौरागढ़-एथलेटिक्स, हल्द्वानी और देहरादून- फुटबॉल, कोटद्वार- बॉक्सिंग, पौड़ी- बैडमिंटन
बालिका
अगस्त्यमुनि- एथलेटिक्स
खुलेंगे आठ हॉस्टल, बालिकाओं के पांच
महिला खिलाड़ियों के लिए खेल विभाग सभी जिलों में हास्टल खोलने जा रहा है। प्रदेश में कुल आठ नए हॉस्टल खुलने हैं, जिसमें से पांच महिलाओं के होंगे। सूत्रों की मानें तो नए हॉस्टलों में हॉकी, वालीबॉल, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग सहित अन्य खेलों को शामिल किया जा रहा है।
नए हॉस्टल प्रदेश के अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, चमोली, ऊधमसिंह नगर, उत्तरकाशी, टिहरी, हरिद्वार जिलों में खुलने हैं।