दो बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर आईपीएल 7 के क्वालीफायर-2 में प्रवेश कर लिया है।
अब फाइनल में जगह बनाने के लिए चेन्नई को एक और मुकाबला खेलना होगा। धोनी की टीम का अगला मुकाबला शुक्रवार को किंग्स इलेवन पंजाब से होगा जिसे क्वालीफायर-1 में कोलकाता नाइटराइडर्स से हार झेलनी पड़ी थी।
चेन्नई की जीत से शायद पंजाब की टीम बेहद खुश होगी क्योंकि लीग मुकाबलों में मुंबई इंडियंस ने दो ही बार पंजाब को हराया था।
मुंबई के लिए सिमंस ने खेली आतिशी पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 8 विकेट पर 173 रन का मजबूत स्कोर बनाया। ओपनर लिंडल सिमंस ने 44 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों के साथ धुआंधार 67 रन की पारी खेली।
सिमंस ने पहले विकेट के लिए माइक हसी के साथ 9.4 ओवर में 76 रन की साझेदारी निभाई। हसी 33 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई के लिए तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने 3 विकेट चटकाए।
स्मिथ ने प्लेसिस के साथ रखी थी जीत की नींव
जवाब में चेन्नई ने 18.4 ओवर में 3 विकेट पर 176 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। मुंबई इंडियंस की शुरुआत धमाकेदार रही और ओपनर ड्वेन स्मिथ ने फैफ डु प्लेसिस के साथ 6.2 ओवर में 60 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी कर जीत की नींव रख दी।
स्मिथ 20 गेंदों में 4 चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुए जबकि प्लेसिस 20 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ब्रैंडन मैक्कुलम 14 रन बनाकर आउट हुए।
87 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद सुरेश रैना और डेविड हसी ने पारी को आगे बढ़ाया और 9.1 ओवर में 89 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। रैना 32 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों के साथ 54 रन की जबकि डेविड हसी 29 गेंदों में 2 चौकों और 3 छक्कों के साथ 40 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे।