पहले अंडर-17 हॉटवेदर क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मौच दून कंबाइंड और अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी (एसीए) के बीच गुरुवार को खेला जाएगा।
दून कंबाइंड और दून स्ट्राइकर्स के बीच खेला मैच
दोनों टीमों ने बुधवार को अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई है। एफआरआई के मैदान पर बुधवार को पहला सेमीफाइनल दून कंबाइंड और दून स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया।
दून स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। तीस ओवर के मैच में दून स्ट्राइकर्स के खिलाड़ियों ने 27.3 ओवर में दस विकेट खोकर कुल 144 बनाए। लेकिन दून कंबाइंड के खिलाड़ियों ने इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
दून कंबाइंड ने 27.3 ओवर में पांच विकेट खोकर 145 रन बना लिए। इस तरह उसकी पांच विकेट से जीत हो गई। दूसरा सेमीफाइनल अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी (एसीए) और गुरु सागर अकादमी के बीच खेला गया।
एसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। एसीए ने 30 ओवर के मैच में 27.4 ओवर में आठ विकेट खोकर 174 रन बनाए।
बारिश की वजह से दूसरी पाली का मैच नहीं खेला जा सका। इसके बाद अंपायरों ने टॉस किया जो एसीए के पक्ष में गया।
आरआर पाल ने जीता मैच
उत्तराखंड यूथ टवंटी-20 क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले हो रहे पांचवें श्री वासुदेव राघव टूर्नामेंट में बुधवार को हिमालयन क्रिकेट एकेडमी और आरआर पाल क्रिकेट एकेडमी के बीच मैच खेला गया।
ग्लोबल स्कूल के मैदान पर खेले गए मैच में आरआर पाल ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। 30 ओवर के मैच में आरआर पॉल ने 30 ओवर में नौ विकेट खोकर 201 रन बनाए।
202 के लक्ष्य को पाने के लिए मैदान पर उतरी हिमालयन क्रिकेट अकादमी की टीम 25.2 ओवर में ही ढेर हो गई। उसने दस विकेट खोकर कुल 119 रन ही बना पाए। इस तरह आरआर पॉल अकादमी ने 82 रन से विजय हासिल की।