टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 265 रनों का लक्ष्य रखा था और विपक्षी टीम को उनकी सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई।
कुशल परेरा और लहिरू थिरिमने ने पहले विकेट के लिए 17 ओवर में 80 रनों की साझेदारी कर भारतीय खेमे को चिंता में डाल दिया था। लेकिन आर अश्विन ने अपने स्पेल के पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर थिरिमने (38) को पगबाधा कर श्रीलंका को पहला झटका दिया।
अश्विन ने वनडे करियर में थिरिमने को पांचवीं बार शिकार बनाया है। यह सफलता भारत के लिए इस मायने में काफी बढ़िया साबित हुई क्योंकि भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने इस समय तक तीन कैच टपका दिए थे।
... और 27वें ओवर में लगा दिया 'शतक'
दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज आर अश्विन ने इस मैच से पहले 98 वनडे विकेट झटके थे। टेस्ट क्रिकेट में विकेटों का शतक लगा चुके अश्विन वनडे में विकेटों के शतक से अब दो विकेट दूर थे। लेकिन थिरिमने को आउट करने के बाद विकेटों की संख्या 99 तक पहुंच गई।
अश्विन ने ही भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 27वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दूसरे ओपनर कुशल परेरा (64) को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट कराकर अपने विकेटों का शतक पूरा किया। उन्होंने यह शतक अपने 77वें वनडे मैच में लगाया है।
अश्विन ने परेरा को फ्लाइटेड गेंद डाली जिसे बल्लेबाज ने रक्षात्मक तरीके से खेलने की कोशिश की लेकिन स्पिन होती गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और वह विकेटकीपर के दस्तानें में चली गई।
काम आ गया नया तरीका
अपनी लगातार नाकामी से आर अश्विन काफी दबाव में थे, और उन्होंने अपनी धार में पैनापन लाने के लिए गेंदबाजी एक्शन में बदलाव किया और उनका यह दांव काम कर गया।
ऐसा नहीं है कि उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ मैच में नए एक्शन के साथ पहली बार गेंदबाजी की है। इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ मैच में नए एक्शन के साथ गेंदबाजी की थी, लेकिन तक वह कारगर साबित नहीं हुए थे और 50 रन देकर महज एक विकेट ही झटक पाए थे।