ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में उत्तराखंड के शटलरों ने अपना जलवा बिखेरते हुए कुल नौ में से पांच खिताब अपने नाम कर लिए।
विज्ञापन
चिराग सेन और कुहू गर्ग ने दो-दो खिताबों पर कब्जा जमाया, जबकि लक्ष्य सेन एक खिताब जीतने में सफल रहे, एक में उप विजेता बने। वहीं बोधित जोशी ने चिराग के साथ मिलकर युगल वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल में रविवार को टूर्नामेंट के नौ इवेंट के फाइनल हुए। अंडर-17 बालक एकल वर्ग में उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने पश्चिम बंगाल के अरिंतप दासगुप्ता को 21-19, 21-19 और अंडर-19 एकल वर्ग में एयर इंडिया के चिराग सेन(उत्तराखंड) ने अपने छोटे भाई लक्ष्य सेन को कड़े संघर्ष के बाद 21-13, 10-21, 21-12 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
विज्ञापन
अंडर-17 युगल वर्ग में उत्तराखंड के बोधित जोशी व चिराग सेन की जोड़ी ने हरियाणा के कार्तिक जिंदल व हार्दिक मक्कड़ को 21-14, 22-20 और अंडर-19 युगल में दिल्ली के आर कपूर व हरियाणा के एस शर्मा ने केरल के एमआर अर्जुन व महाराष्ट्र के चिराग सेट्टी को 16-21, 21-18, 21-18 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
कुहू गर्ग ने दो खिताब किए नाम
बालिका अंडर-17 एकल वर्ग में दिल्ली की कनिका कनवाल ने उत्तर प्रदेश की रिया मुखर्जी को 21-17, 21-12 और अंडर-19 एकल में एयर इंडिया की श्रेयांशी परदेशिया ने आंध्र प्रदेश की वरुशाली को 22-24, 21-6, 21-13 से हराकर खिताब जीता।
अंडर-17 युगल में उत्तराखंड की कुहू गर्ग व एयर इंडिया की हारिका की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश की रिया मुखर्जी व गोवा की अनुरा प्रभुदेसाई को 21-14, 22-20 और अंडर-19 युगल में गोवा की ए कुवेलकर व गुजरात की ए पारिख की जोड़ी ने कर्नाटक की वैष्णवी अय्यर व केरल की मालविका को 21-18, 21-17 से शिकस्त देकर फाइनल अपने नाम किया।
अंडर-19 मिक्स डबल्स में उत्तराखंड की कुहू व केरल के एमआर अर्जुन की जोड़ी ने हरियाणा के सौरभ शर्मा व महाराष्ट्र की अहिल्या हरजानी को 21-13, 21-14 से हराकर फाइनल जीता।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
समापन समारोह में मुख्यमंत्री हरीश रावत और खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक हरीश धामी, उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार, अलकनंदा अशोक सचिव बीएस मनकोटी, आयोजन कमेटी के चेयरमैन संजय गुंज्याल, सचिव लोकेश ओहरी, राकेश डोभाल, कोच डीके सेन, दीपक रावत, राजेश निझावन, अमन सक्सेना आदि मौजूद थे।
डॉल्फिन ने दिए 50-50 हजार रुपये ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उत्तराखंड के खिलाड़ियों के खिताब जीतने पर डॉल्फिन इंस्टीट्यूट ने 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की थी। रविवार को टूर्नामेंट के समापन समारोह में इंस्टीट्यूट ने लक्ष्य सेन, चिराग सेन, बोधित जोशी और कुहू गर्ग को ईनामी राशि दी।
टूर्नामेंट के लिए स्पांसर ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में पांचों खिताब विजेताओं के साथ अब जीटीएम ग्रुप भी जुड़ गया है। अब जीटीएम विदेशी में होने वाली रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए पांचों खिलाड़ियों को स्पांसर करेगा।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने टूर्नामेंट के दौरान बताया कि खेल विभाग की बैठक के दौरान खेल मंत्री को राज्य में कम से कम दो खेल मेले हर साल कराने के लिए कहा गया है।
साथ ही राज्य में नए कोचों की भर्ती करने के लिए खेल विभाग को कहा गया है, जल्द ही खिलाड़ियों को कोचों की समस्या से निजात मिल जाएगी।
उन्होंने कहा कि 2016 तक राज्य को इंटरनेशनल मेडल दिलाने वाले खिलाड़ियों को तैयार करने लक्ष्य खेल विभाग बनाए।
राज्य को पदक दिलाए पुलिस मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे से जवानों की भर्ती की गई है। उनको सिर्फ मैदान में खेलने दें। उन्हें सिर्फ प्रदेश के लिए मेडल जीतने का लक्ष्य दें। खिलाड़ियों को हर तरह की सुविधा दी जाए और किसी तरह की कमी न हो।