केन विलियम्सन की शानदार शतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने तीसरे टेस्ट मैच में मेजबान वेस्ट इंडीज पर दबाव बना दिया है लेकिन मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है।
तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन स्टंप्स के समय न्यूजीलैंड ने 7 विकेट पर 331 रन बना लिए थे और पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर कीवी टीम की कुल 307 रनों की हो गई है। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 293 रन बनाए थे जिसके जवाब में मेजबान ने 317 रन बनाए थे।
केनसिंगटन ओवल में खेले जा रहे मैच के चौथे दिन का खेल खत्म होने के समय केन विलियम्सन 161 (22 चौके) और मार्क क्रेग 4 रन बनाकर खेल रहे थे।
सीरीज के लिए यह मैच निर्णायक
तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में दोनों टीमें 1-1 मैच जीत चुकी हैं और सीरीज जीतने के लिए दोनों टीमों को यह मैच जीतना होगा।
न्यूजीलैंड ने चौथे दिन की शुरुआत 3 विकेट पर 123 रन से आगे से की। विंडीज गेंदबाजों के दिए शुरुआती झटकों से अपनी टीम को उबारते हुए चौथे विकेट के लिए विलियम्सन और मैकुलम की 67 रनों की साझेदारी कर बढ़त दिला दी। विलियम्सन के अलावा जेम्स नीशाम ने 51 रन बनाए।
हालांकि विलियम्सन और नीशाम को छोड़कर अन्य कीवी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके।
24 साल के विलियम्सन ने रचा इतिहास
24 साल के बेजोड़ बल्लेबाज केन विलियम्सन न्यूजीलैंड टीम के प्रमुख सदस्य हैं और वह लगातार बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। वह अपनी इस उम्र में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बन गए हैं।
वह 34 टेस्ट मैचों में 7 शतक और 13 अर्धशतकों के दम पर 2377 रन बना चुके हैं। उन्होंने मार्टिन क्रो का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 36 मैचों में 2162 रन बनाए थे।
दूसरी ओर, किंग्सटन ओवल में लक्ष्य का पीछा करते हुए विंडीज की सबसे बड़ी जीत 26 मार्च, 1999 में ऑस्ट्रेलिया से मिली जब मेजबान ने 311 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। जबकि न्यूजीलैंड को दो बार 300 से ज्यादा का लक्ष्य देने के बाद हार का सामना करना पड़ा था।
केमोर रोच ने लगाया टेस्ट विकेटों का शतक
तेज गेंदबाज केमार रोच ने तीसरे दिन ओपनर टॉम लेथम (0) को मिडविकेट पर और हामिश रॉदरफोर्ड (19) को विकेट के पीछे दिनेश रामदीन द्वारा कैच आउट कर अपनी टेस्ट क्रिकेट में विकेटों की संख्या 98 कर ली।
चौथे दिन पूर्व कप्तान रॉस टेलर (6) के बाद बीजे वॉटलिंग के विकेट झटककर टेस्ट करियर में विकेटों की संख्या 100 कर ली। विकेटों का शतक लगाने वाले रोच विंडीज टीम के 18वें गेंदबाज बन गए हैं।
इससे पहले विंडीज की टीम पहली पारी में 24 रनों से बढ़त बनाते हुए 317 रन पर ढेर हो गई थी।