10 दिन से कभी छेड़खानी तो कभी घर में घुसकर जबरदस्ती करने वाले युवक से परेशान होकर एक छात्रा ने पुलिस को शिकायत दी।
पुरानी सब्जीमंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली तेज कॉलोनी निवासी एक छात्रा की शिकायत पर उसका पीछा करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पाड़ा मोहल्ला निवासी रविंद्र उसका 10 दिन से लगातार पीछा कर रहा है। वह जहां जाती वह पीछा करते हुए पहुंच जाता।
छात्रा ने बताया कि शुक्रवार को वह अपना रोल नंबर लेने के लिये गोहाना अड्डा गई थी। वहां भी रविंद्र पीछा करते हुए पहुंच गया और बीच बाजार छात्रा का हाथ पकड़कर दोस्ती करने के लिए कहने लगा।
इस पर छात्रा ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। तभी वहां पर भीड़ जमा होते देख युवक फरार हो गया। थप्पड़ मारने से गुस्साया युवक रात को छात्रा के घर पहुंच गया। युवक ने उसका मोबाइल अपने कब्जे में लेकर छात्रा के साथ जबरदस्ती करने लगा। शोर मचाने पर लोग एकत्र हुए तो वह वहां से भाग गया। छात्रा ने घटना की शिकायत सब्जीमंडी थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि छात्रा की शिकायत मिलते ही तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।