एलयू में बैक पेपर व इंप्रूवमेंट की परीक्षाएं करवाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में बैक पेपर परीक्षा शुरू किए जाने पर परीक्षा विभाग मंथन कर रहा है।
यही नहीं, बैक पेपर व इंप्रूवमेंट का रिजल्ट भी इस बार बीते सालों की तुलना में जल्दी घोषित करने की तैयारी की जा रही है। 15 दिनों में रिजल्ट घोषित करने की उम्मीद है।
यही नहीं, वार्षिक परीक्षाएं समय पर शुरू करने और उनका रिजल्ट भी निर्धारित समय सीमा पर घोषित करने के लिए अभी से परीक्षा विभाग कमर कस रहा है।
दरअसल, यूनिवर्सिटी में इस बार स्नातक कक्षाओं के परिणाम घोषित करने में काफी देरी हुई। इस बार स्नातक कक्षाओं के रिजल्ट अगस्त तक घोषित हो पाए, जबकि यह परिणाम 30 जून तक घोषित हो जाने चाहिए।
इसके कारण एलयू का शैक्षिक सत्र भी इस बार पटरी से उतर गया है। अब आगे स्थिति खराब न हो इसके लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन अभी से डैमेज कंट्रोल में जुट गया है।
बीते सालों में बैक पेपर व इंप्रूवमेंट परीक्षाएं भी दिसंबर तक हुई हैं लेकिन अब यूनिवर्सिटी प्रशासन परीक्षा व रिजल्ट को तय समय पर घोषित करने की तैयारी में जुट गया है।
यही कारण है कि इस बार बैक पेपर व इंप्रूवमेंट की परीक्षाएं 25 अक्तूबर के आसपास शुरू हो सकती हैं।