स्टेशन पर गंगा सतलुज एक्सप्रेस के बाहर लगी यात्रियों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। धनबाद से फिरोजपुर जा रही गंगा सतलुज एक्सप्रेस के थर्ड एसी के एक बोगी से करना स्टेशन के पास तेज धुआं निकलने लगा। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। बोगी की एसी बेल्ट में खराबी आ गई थी। इसके बाद ट्रेन को हरदोई स्टेशन पर लाया गया। जहां टेक्निकल स्टाफ ने बेल्ट को निकालकर ट्रेन को शाहजहांपुर के लिए रवाना किया।
धनबाद से फिरोजपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 13307 गगा सतलुज शाम को करीब साढ़े पांच बजे करना स्टेशन से होकर गुजरी। स्टेशन से आगे बढ़ने के बाद ट्रेन की थर्ड एसी के बी-1 बोगी से तेज धुंआ निकलने लगा। बोगी में धुआं भरता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन में सवार स्टाफ ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। इसके बाद ट्रेन को हरदोई स्टेशन पर लाया गया। यहां टेक्निकल स्टाफ के राजेश कुमार ने जांच पड़ताल की। एसी की बेल्ट खराब मिली। जिस पर बेल्ट निकाल दी गई। राजेश कुमार ने बताया कि मरम्मत की सुविधा शाहजहांपुर में उपलब्ध है। फिलहाल बेल्ट निकाल दी गई। इधर एसी बंद होने पर कोच के यात्रियों ने नाराजगी जताई। बताया कि फैजाबाद और बाराबंकी में भी एसी में खराबी आई थी जिसके चलते ट्रेन को रोकना पड़ा था। स्टेशन अधीक्षक रामरतन ने बताया कि एसी बेल्ट निकाल कर ट्रेन को शाहजहांपुर के लिए रवाना कर दिया गया है।