ऐपल ने अपने ऑन लाइन म्यूजिक सेंटर आइ-ट्यून स्टोर की शुरूआत भारत में कर दी है। इसी के साथ अब आप भारत में आइ-ट्यून स्टोर से म्यूजिक खरीद सकते हैं। इस स्टोर में फिल्में या म्यूजिक खरीदने के साथ ही किराए पर भी लेने की सुविधा है। ऐपल के के इस म्यूजिक सेंटर में ऐपल के ऑपरेटिंग सिस्टम iOS के डिवाइस के लिए लिए मल्टीमीडिया कंटेंट उपलब्ध होता है।
आप दुनिया की नामचीन म्यूजिक कंपनियों के उत्पाद एक ही छत के नीचे यानी आइ-ट्यून स्टोर से ले सकते हैं। आज दुनिया के 97 देशों में आइ-ट्यून स्टोर हैं। भारत के आइ-ट्यून स्टोर में विदेशी गानों के अलावा भारतीय गीतों को भी शामिल किया गया है। इनमें सबसे प्रमुख हिंदी सिनेमा का म्यूजिक है। आइये जानते हैं भारत में खुले आइ-ट्यून स्टोर के बारे में।
गाने और मूवी की कीमत
ऐपल ने आइ-टयून स्टोर में गानों की कीमत भारतीय बाजार को देखते किफायती रखी है। आइ-ट्यून से एक गाना लेने पर ऐपल 12 रुपये ले रहा है। वहीं दूसरी सर्विस फ्लिपकार्ट की फ्लाई स्टोर मशहूर गानों के लिए 15 रुपए और सामान्य गानों के लिए 7 रुपए लेती है। आइ-ट्यून स्टोर में SD क्वालिटी की फिल्मों के लिए किराया 80 रुपए और HD क्वालिटी के लिए 120 रुपए है। वहीं SD फिल्म को 290 रुपए में और HD फिल्म को 490 रुपए में खरीद सकते हैं।
कैसे करें एक्सेस
ऐपल आइ-ट्यून स्टोर को एक्सेस करने के लिए आपको आइ-ट्यून सॉफ्टवेयर की जरूरत पड़ेगी। आइ-ट्यून सॉफ्टवेयर को आप आइ-ट्यून की वेबसाइट से फ्री में डाउनलोड कर सकते हैं।
आइ-ट्यून स्टोर की शुरूआत
टेक महारथी कंपनी ऐपल इंक ने आइ-ट्यून स्टोर की शुरूआत सबसे पहले 28 अप्रैल 2003 को अमेरिका में की थी। पहले इसमें डिजिटल म्यूजिक को ऑनलाइन खरीदने के साथ डाउनलोड करने की सुविधा थी। ऐपल का आइ-ट्यून स्टोर आज काफी पॉपुलर हो गया है। ऐपल के बिजनेस में आइ-ट्यून स्टोर का भी काफी बड़ा हाथ है।