डेरियाखाल-कोटद्वार मार्ग पर हरियाणा के पर्यटकों की टाटा सूमो बैक करते समय खाई में गिर गई। गनीमत रही कि बैक करते समय दोनों पर्यटक लघुशंका के लिए उतर गए थे। दोनों लोगों ने बड़ी सूझबूझ से चालक को वाहन से बाहर खींच लिया। इस दौरान तीनों लोग घायल हो गए।
रविवार को हरियाणा के कुछ लोग घूमने लैंसडौन आए थे। मंगलवार सुबह सभी लोग वापस कोटद्वार तक चले गए थे, लेकिन उन्हें अपना कुछ सामान होटल में ही छूटने का भ्रम हुआ।
अजय वाटस (28) पुत्र श्रीपाल निवासी मटरौली बपौली-पानीपत और अजय एम (36) पुत्र श्रीनिवास निवासी गन्नौर सोनीपत अपने वाहन चालक रामकेश पुत्र रणवीर कुमार निवासी गन्नौर को लेकर अपनी टाटा सूमो से वापस लैंसडौन आने लगे। परिवार के अन्य लोगों को उन्होंने कोटद्वार में ही छोड़ दिया था, लेकिन डेरियाखाल में उन्हें पता चला कि सामान कोटद्वार पहुंच चुका है। यहां से वह वापस लौटने के लिए वाहन बैक करने लगे। अजय वाटस और अजय एम लघुशंका के लिए उतर गए थे।
वाहन बैक करते हुए समय सड़क से नीचे खिसकने लगा। दोनों वाहन की तरफ दौड़े और उसको पकड़कर रोकना चाह। वह वाहन के साथ करीब 15 मीटर घिसटते हुए गए, लेकिन तब तक वह चालक को वाहन से बाहर खींचने में सफल रहे। वाहन जैसे ही सड़क से नीचे गिरा उसके परखच्चे उड़ गए। वाहन के साथ घिसटते समय अजय वाट्स का हाथ और पैर फैक्चर हो गया है, जबकि चालक और अजय एम को मामूली चोटें आई। घटना की सूचना पर कोतवाल रामसिंह मेहता पुलिस टीम के साथ मौैके पर पहुंचे और घायलों को कैंट चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद वह कोटद्वार रेफर कर दिए गए।