मुंबई में लोटस बिजनेस पार्क नामक बहुमंजिली इमारत में शुक्रवार को आग लग गई। आग बुझाने के दौरान नितिन येवलेकर नामक दमकलकर्मी की मौत हो गई, जबकि 20 लोग झुलस गए।
इसमें से छह की हालत गंभीर है, जिन्हें कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इमारत में कुछ दमकलकर्मी फंस गए, जिन्हें नौसेना और कोस्टगार्ड के तीन हेलीकाप्टरों की सहायता से बाहर निकाला गया।
करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बीएमसी आयुक्त सीताराम कुंटे ने शहीद नितिन के परिजनों को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुंबई के पश्चिम उपनगर अंधेरी में जिस लोटस बिजनेस पार्क में आग लगी, उसमें 10वीं मंजिल फिल्म अभिनेता रितिक रोशन की हैं। इसी बिल्डिंग में अभिनेत्री राखी सावंत के भाई का भी ऑफिस है।
ग्राउंड फ्लोर पर शेफ संजीव कपूर और वस्त्र ब्रांड प्रोवोग का दफ्तर है। कई कारपोरेट ऑफिस और प्रोडक्शन हाउसके दफ्तर होने के कारण इसमें करीब दो हजार लोग काम करते हैं।
आग की खबर सुनकर रितिक रोशन भी मौके पर पहुंचे। मुंबई महानगरपालिका(बीएमसी) के अतिरिक्त आयुक्त संजय देशमुख ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे 21वीं मंजिल पर आग लगी।
बिल्डिंग की 21वीं मंजिल पर रेस्टोरेंट है और यहीं से आग की लपटें उठीं। तेज हवा के कारण आग 20वीं और 22वीं मंजिल तक फैल गई।
दमकल की 22 गाड़ियां और 215 जवान आग बुझाने में लगे रहे। 33 जवानों ने जीवन की बाजी लगाकर 21वीं और 22वीं मंजिल समेत पूरी इमारत को खाली कराया।