माइक्रोमैक्स के A116 कैनवस एचडी को टक्कर देने के लिए मोबाइल बनाने वाली कंपनी सेलकॉन ने कम कीमत में A119 सिग्नेचर एचडी को भारतीय बाजार में लांच किया है।
सेलकॉन के नए फोन के अधिकतर फीचर्स A116 कैनवस एचडी से मिलते हैं। माइक्रोमैक्स का 'A116 कैनवस एचडी' यूजर्स के बीच काफी लोकप्रिय है। यह देखने वाली बात होगी क्या सेलकॉन का नया फोन इसे टक्कर देने में कामयाब हो पाएगा?
सेलकॉन के नए फोन में 5 इंच की 1280x720 पिक्सल रिज्यूलूशन वाली कैपेसिटिव टचस्क्रीन डिस्पले है। इस फोन की ऑनलाइन कीमत 13,499 रुपये है। बात करते हैं फोन के फीचर्स और खूबियों के बारे में।
ओएस और रैम
सेलकॉन A119 सिग्नेचर एचडी और माइक्रोमैक्स A116 कैनवस एचडी दोनों स्मार्टफोन में ही एंड्रायड 4.1 जेलीबीन ऑपरेटिंग सिस्टम है। दोनों फोन में ही 1GB की पॉवरफुल रैम है। एक जीबी रैम होने से इस पर आप एक साथ कई ऐप्लीकेशन पर काम कर सकते हैं।
डिस्पले
सेलकॉन के नए स्मार्टफोन में 1280x720 पिक्सल रिज्यूलूशन वाली कैपेसिटिव टचस्क्रीन डिस्पले है, वहीं माइक्रोमैक्स A116 में 1280x720 पिक्सल रिज्यूलूशन वाली IPS टचस्क्रीन डिस्पले है। फोन का डिजाइन स्लिम है।
प्रोसेसर और मेमोरी
प्रोसेसर के मामले में माइक्रोमैक्स का A116 सेलकॉन के फोन से आगे है। सिग्नेचर A119 में 1 गीगा हर्ट्ज का ड्युल कोर प्रोसेसर है जबकि 'A116' में 1.2 गीगा हर्ट्ज का क्वाड कोर प्रोसेसर है। दोनों ही फोन में 4GB की इंटरनल मेमोरी है, जिसे माइक्रो SD कार्ड से 32GB तक बढ़ाया जा सकता है।
कैमरा
सेलकॉन A119 में 12 मेगापिक्सल का ऑटो फोकस रियर और वीडियो कॉलिंग के लिए 3 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। वहीं माइक्रोमैक्स कैनवस 'A116' में 8 मेगापिक्सल का 4x जूम ऑटो फोकस रियर और 2 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है।
कनेक्टिविटी
कनेक्टिविटी के लिए सेलकॉन के नए ड्युल सिम फोन में 2G, 3G, USB पोर्ट, वाइ-फाइ और ब्लूटूथ है। वहीं माइक्रोमैक्स कैनवस 'A116' में 3G, USB 2.0, ब्लूटूथ और वाइ-फाइ है।
बैटरी
सेलकॉन A119 में 2,100 mAh की बैटरी है जबकि माइक्रोमैक्स A116 में 2,000 mAh की बैटरी है।
कीमत
सेलकॉन A119 सिग्नेचर की कीमत 13,499 रुपये और माइक्रोमैक्स A116 के दाम 14,499 रुपये है।