अगर आपको लंबे सफर पर जाना हो और आपके पास कार नहीं है तो कोई बात नहीं। क्योंकि इसी को ध्यान में रखते हुए अमेरिका के एक शोधकर्ता ने ऐसे जूते तैयार किए हैं, जो आपको कार जितना तेज दौड़ने में मदद करेंगे।
इन बॉयोनिक बूटों को पहनकर आप 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकेंगे। खास बात यह है कि अगर ये जूते इंसान ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने लगे तो इससे सड़कों पर गाड़ियों से होने वाले बेवजह के जाम से मुक्ति मिल सकेगी और साथ ही पर्यावरण को अपेक्षाकृत कम नुकसान भी पहुंच सकेगा।
शोधकर्ता कीहि सेयमोर ने ये जूते तैयार किए हैं। इनकी कीमत 16,000 रुपए के करीब है। उन्होंने बताया कि जूतों के पीछे एक स्प्रिंग लगा है, जो कंगारू की तरह छलांग लगाने में मदद करते हैं।
यह एक धीमी चलने वाली कार की रफ्तार के बराबर दौड़ने में मदद करते हैं। सेयमोर बताते हैं कि वह बचपन से ही शुतुरमुर्ग जितना तेज दौड़ने की कल्पना किया करते थे और अब अंतत: उन्होंने ऐसा कर दिखाया है। सेयमोर कहते हैं कि वह तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक वह दुनिया के सबसे तेज दौड़ने वाले जानवर के बराबर रफ्तार वाले उपकरण नहीं बना लेते।