कई साल बाद असूस एक बार फिर अपने स्मार्टफोन के साथ भारतीय बाजार में कूद चुकी है। वर्ष 2008-09 में कंपनी फोन को लेकर काफी सक्रिय थी लेकिन बीच में कुछ समय के लिए असूस स्मार्टफोन गायब हो गए।
कंपनी ने जेनफोन सीरीज में एक साथ तीन स्मार्टफोन असूस जेनफोन 4, असूस जेनफोन 5 और असूस जेनफोन 6 लॉन्च किए हैं।
भारतीय स्मार्टफोन बाजार आज काफी प्रतिस्पर्धात्मक हो चुका है। स्मार्टफोन कंपनियां ग्राहकों को किफायती कीमत में गजब के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर के साथ स्मार्टफोन मुहैया करा रही हैं।
ऐसे में पैसा वसूल स्मार्टफोन के तौर पर असूस जेनफोन 5 का मुकाबला मोटारोला मोटो जी से देखा जा रहा है।
ऑनलाइन स्टोर पर असूस जेनफोन 5 (8जीबी) की कीमत 9,999 रुपए है, जबकि मोटो जी (8जीबी) अभी 12,499 रुपए की कीमत पर मौजूद है। इसमें कोई शक नहीं है कि कम बजट में असूस जेनफोन 5 बेहतर विकल्प है।
लेकिन बात अगर फीचर्स और स्पेसिफिकेशन की हो तो कौन बेहतर है, हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
स्क्रीन साइज और रेजल्यूशन
असूस जेनफोन 5 का स्क्रीन साइज 5 इंच है। इसका डिस्प्ले आईपीएस एचडी (720x1280) पिक्सल, कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 प्रोटक्शन और 294पीपीआई रेजल्यूशन के साथ काम करता है।
मोटो जी का स्क्रीन साइज 4.5 इंच है, जो आईपीएस एचडी (720x1280) पिक्सल, कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 प्रोटक्शन और 329पीपीआई रेजल्यूशन के साथ काम करता है।
इसलिए मोटो जी का डिस्प्ले जेनफोन 5 की तुलना में शार्प है, लेकिन वीडियो देखने और गेम खेलने के लिए जेनफोन 5 का डिस्प्ले साइज अच्छा है।
प्रोसेसर और रैम
असूस जेनफोन 5 डुअल कोर 1.6 गीगाहर्ट्ज इंटेल एटॉम प्रोसेसर पर आधारित है, जबकि मोटो जी 1.2 गीगाहर्ट्ज क्वाड कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 400 पर आधारित है।
रैम की बात करें तो दोनों हैंडसेट में 1 जीबी रैम दी गई है इसके अलावा मोटो जी की मैमोरी को नहीं बढ़ाया जा सकता है, लेकिन असूस जेनफोन 5 में माइक्रोएसडी कार्ड सपोर्ट दी गई है।
सॉफ्टवेयर
कुछ फीचर्स जैसे डुअल सिम सपोर्ट, माइक्रो सिम दोनों हैंडसेट में सामान्य रूप से दिए गए हैं।
मोटोरोला मोटो जी को एंड्रॉयड के लेटेस्ट वर्जन 4.4 किटकैट पर लॉन्च किया गया है, साथ ही इस फोन को आगे भी अपडेट मिलते रहने की बात कही गई है।
असूस जेनफोन 5 एंड्रॉयड 4.3 पर काम करता है।
कैमरा और बैटरी
असूस जेनफोन 5 फोटोग्राफी एलईडी फ्लैश सहित 8 मेगापिक्सल रियर कैमरा और 2 मेगापिक्सल फ्रंट दिया गया है। मोटो जी में फ्लैश सहित 5 मेगापिक्सल रियर कैमरा और 1.3 मेगापिक्सल फ्रंट दिया गया है।
मोटो जी की बैटरी 2070mAh की है जबकि जेनफोन 5 में बैटरी कुछ बेहतर 2110mAh है।