अगर आप रोज 20 सिगरेट (एक सिरगेट की कीमत 12 रुपए) पी रहे हैं तो आप एक दिन में 240 रुपए और एक साल में 87, 600 रुपए खर्च कर रहे हैं। यानी 18 साल से 50 साल के बीच आप सिगरेट पर कुल 28,03200 रुपए उड़ा चुके होंगे।
अब सोचिए जरा, इतने पैसों में आप दो बैडरूम का सुंदर सा घर खरीद सकते हैं, कोई बिजनेस शुरू कर सकते हैं या बड़ी लग्जरी गाड़ी का सपना पूरा कर सकते हैं। बच्चों को पढ़ने के लिए विदेश भेज सकते हैं। इतने पैसे को बैंक में जमा करके रखा जाए तो आप साठ साल के बाद इसके ब्याज से भी छोटे मोटे सपने पूरे कर सकते हैं।
एक दिन में 15 सिगटेट पीते हैं तो...
अगर आप रोज 15 सिगरेट रोज पीते हैं तो आप एक दिन मे 180 रुपए खर्च कर रहे हैं। साल भर में ये खर्चा 65700 होगा और 32 साल में आप अपनी सिगरेट की लत पर 2102400 रुपए स्वाहा कर चुके होंगे।
जरा दिमाग लगाइए कि इतने पैसों में आप एक बैडरूम का छोटा सा सुंदर घर ले सकते हैं, कोई बिजनेस खड़ा कर सकते हैं। अपने बच्चों के नाम एफडी करा सकते हैं जो जीवन भर उनके काम आएगी।
याद रखिए सिगरेट पर तबाह पैसा वापस नहीं आता और आपको होने वाली बीमारी पर लगने वाला अतिरिक्त पैसा भी उसी खर्च में आएगा।
अगर दिन में 10 सिगरेट पीते हैं तो...
अगर आप रोज दस सिगरेट पीने वालों में शुमार हैं तो आप सिगरेट की लत पर रोज 120 रुपए खर्च कर रहे हैं। साल भर में आप 43800 रुपए बर्बाद करते हैं ओर 32 सालों में आप सिगरेट पर 1401600 रुपए कुर्बान कर डालते हैं।
इतने पैसों में मिडिल क्लास आदमी अपनी बेटी का ब्याह धूमधाम से कर सकता है। चाहे तो आप भी अपनी लाडली के नाम ये पैसा जमा करा सकते हैं, जो उम्र भर उसे सिक्योर रखे। आप चाहें तो इतने पैसे में जीवन में कभी भी वर्ल्ड टूर का सपना पूरा कर सकते हैं।
इतना याद रखिए कि आप जो पैसा सिगरेट के धुएं में उड़ा रहे हैं वो आपके कई सपने पूरे कर सकता है, जो आप अपने सीमित बजट में कभी पूरे न कर पाएं।
अगर दिन में 5 सिगरेट पीने वाले जरूर देखें
अगर रोज पांच सिगरेट के कश लगाते हैं तो रोज आप 60 रुपए और साल भर में 21900 रुपए खर्च कर रहे हैं। इसको 32 सालों से गुणा करें तो हिसाब आएगा 700800 रुपए।
अगर आपने मकान बुक कराया है तो इस पैसे से होम लोन का प्री पेमेंट कर दीजिए। ये पैसा पीपीएफ में डालिए, बुढ़ापे में काम आएगा। एक अच्छी सी कार ले सकते हैं या बीवी को विदेश घूमने लेकर जा सकते हैं।
अगर शौकिया तौर पर रोज 2 सिगरेट पीते हैं तो...
अगर आप रोज शौक के तौर पर दो सिगरेट के कश लगाते हैं तो आप भी आप अपनी बेशकीमती कमाई के करीब तीन लाख रुपए सिगरेट के धुएं में उड़ा रहे हैं।
18 से 50 साल के बीच आप जो 3 लाख रुपए सिगरेट के कश पर जला रहे हैं, उतने पैसे में आप स्मार्ट सी बाइक लेकर दोस्तों को जला सकते हैं। इतने पैसों में आप अपने पापा की हैल्प कर सकते हैं ताकि वो जल्द से जल्द होम लोन चुका सके। अपने परिजनों को भारत के सभी राज्य घुमा सकते हैं ताकि वो आपके साथ बिताए लम्हों को हमेशा याद रखें।
याद रखिए आप शौकिया तौर पर सिगरेट पीते हैं तो इस बात के ज्यादा चांस हैं कि आप सिगरेट छोड़ सकते हैं।