दफ्तर में ऑफिशियल ईमेल जहां काम का जरूरी हिस्सा हैं, वहीं इनमें हुई जरा सी चूक काम बिगाड़ने की वजह भी हो सकती हैं।
आप अपने बॉस को ईमेल करते वक्त न सिर्फ अपने काम का ब्यौरा या जानकारी का आदान-प्रदान करते हैं, बल्कि अपनी कार्यशैली का प्रभाव भी उनपर छोड़ते हैं।
अगर आप ईमेल के मामले में अक्सर ऐसी गलती करते हैं, और वह ईमेल आपके बॉस के लिए होती है तो आपके प्रमोशन के रास्ते में ये गलतियां जरूर आड़े आ सकती हैं।
'मैं यह काम नहीं कर सकता'
मानते हैं आप पर काम का बहुत दबाव है लेकिन नए प्रोजेक्ट को लेकर 'मैं यह काम नहीं कर सकता हूं या मैं अक्षम हूं' जैसी ईमेल आपके कॅरियर के लिए कहीं से भी फायदेमंद नहीं है।
ऐसी ईमेल न सिर्फ आपके अक्षम होने या कमजोर मनोबल का प्रमाण है बल्कि बॉस की नजर में काम के दबाव की जगह आपके अक्षम होने का संकेत हो सकती है।
शिकायती ईमेल
काम के सिलसिले में अपनी समस्याओं व चुनौतियों को ईमेल में लिखना कोई भूल नहीं लेकिन अगर आपके ईमेल की शुरुआत ही शिकायत से हो तो यह बॉस की नजर में आपको बेहद नकारात्मक साबित कर सकता है।
ऐसे में मेल में किसी शिकायत को लिखने के दौरान आपको भाषा को लेकर बेहद विनम्र और सजग रहना होगा।
गलत समय पर ईमेल
वैसे तो देर रात मेल करने या छुट्टियों पर भी ईमेल करने पर बॉस आपको कोई सजा नहीं देगा और आपको भी लगेगा कि आप अपनी जिम्मेदार होने का पूरा सबूत दे रहे हैं, लेकिन थ्रिलिस्ट मीडिया ग्रुप के फाउंडर एडम रिच ने मेन्स हेल्थ को दिए अपने साक्षात्कार में माना था कि इससे सिर्फ बॉस की महत्वाकांक्षा ही बढ़ती है।
कभी न खत्म होने वाली मेल
जी हां, कुछ लोगों की आदत होती है कि ईमेल में वे पूरी कहानी लिखते हैं। आपके बॉस के पास इतना समय नहीं है कि वे पूरी कहानी ईमेल में पढ़ें। इससे हो सकता है कि मतलब की बात पर उनका ध्यान ही न जाए।
ईमेल में अपनी बात हमेशा सीधी कहें और ध्यान रखें कि पढ़ने वाले का इससे समय न नष्ट हो।
मीटिंग के दौरान मेल
आप मीटिंग या किसी अहम कॉन्फ्रेंस में हैं और उसपर ध्यान देने के बजाय बॉस की पुरानी ईमेल का जवाब भेज रहे हैं तो यकीन मानिए, बॉस की नजर में आपसे बड़ा मूर्ख व गैरजिम्मेदार इंसान को नहीं हो सकता है।
मीटिंग की गरिमा को बनाए रखें और ईमेल के लिए समय का जरा सा ध्यान तो दे हीं।