सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र में एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने सुहागरात को ही पत्नी को अपने भाई को सौंप दिया। विरोध करने पर उसे मारा पीटा गया। देवर ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया।
किसी तरह से चंगुल से छुटी विवाहिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई तो कोई सुनवाई नहीं हुई। अब कोर्ट के माध्यम से उसने पति, देवर और सास के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली है। कोतवाली देहात में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह कुछ दिन पूर्व देहात कोतवाली क्षेत्र में रहने आई थी। वहां उसकी मुलाकात हनुमान नगर के अमित से हुई।
विरोध करने पर महिला से मारपीट
प्रेम प्रसंग में दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली और फिर वह ससुराल पहुंची। यहां महिला का आरोप है कि सुहागरात को पति ने उसे अपने छोटे भाई के हवाले दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी दी गई। देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। कई दिन तक उसे शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गई।
एक दिन वह किसी तरह छुटकर देहात कोतवाली पहुंची और मामले की जानकारी दी। कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उसे भगा दिया। उसने कोर्ट की शरण ली। वहां से पति समेत ससुरालियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश हुए।
कोतवाली देहात प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति अमित, देवर सोनू और सास माया देवी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
भरी पंचायत से भाभी को ले भागा देवर
बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में देवर-भाभी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार को इस मामले को लेकर गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें देवर-भाभी को भी बुलाया गया।
पति पंचायत से पत्नी को वापस दिलाने की मांग रहा था, लेकिन देवर-भाभी एक दूसरे को किसी भी कीमत पर छोड़ने को तैयार नहीं हुए। पंचायत ने देवर को जूते मारने का फरमान सुनाया, लेकिन इस पर महिला भड़क गई और पंचों को जमकर खरीखोटी सुनाई।
कुछ देर बाद ही दोनों भरी पंचायत से एक-दूसरे के हाथ में हाथ डालकर फरार हो गए। कुछ लोगों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। उधर, एसओ सत्येंद्रपाल सिंह का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई होगी।