केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि वे फाइलों को दबाकर न बैठें, बेहतर काम करें या फिर वीआरएस ले लें।
उन्होंने कहा है कि देश में विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना विकसित करने के लक्ष्य को हासिल करने की राह में वे बाधा न बनें। हर रोज 100 किमी रोड बनाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए गडकरी ने कहा कि नौकरशाही के जाल और लालफीताशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अगर कोई अधिकारी ऐसा करता है तो उसे सिस्टम को ठीक करने के लिए बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत में निवेश करने के लिए तैयार है, खासकर हाईवे सेक्टर में, लेकिन हम अपना बजटीय आवंटन का भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।
हमें तेजी से मंजूरी देने, जल्द से प्रोजेक्ट रिपोर्ट को तैयार करवाने की जरूरत है, लेकिन अधिकारी फाइलें दबाकर बैठे हैं।