आम आदमी पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठने लगी है। वो भी ठीक आम चुनाव से पहले।
मिल रही खबरों पर गौर करें तो पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हटाने का मांग जोर पकड़ने लगी है। ये मांग कोई और नहीं बल्कि पार्टी के कुछ कार्यकर्ता ही कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों से ठीक पहले ऐसी खबरों ने आम आदमी पार्टी को परेशान कर दिया है। हालात ये हैं कि पार्टी ने इस मुद्दे पर फैसला लेने के लिए आज दिल्ली के जंतर मंतर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई है।
इस बैठक में केजरीवाल को आप के संयोजक पद से हटाने और उनकी जगह किसी और को ये पद देने पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल आम आदमी पार्टी के संयोजक के तौर पर जो नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है वो अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे कुमार विश्वास का है। पार्टी के ज्यादातर कार्यकर्ता उन्हें आप का संयोजक बनाने की मांग कर रहे हैं।
कयास तो इस बात के भी हैं कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर कोई ठोस फैसला ले सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक आप के नए संयोजक को लेकर पार्टी की आज होने वाली बैठक में नेशनल काउंसिल के कुछ सदस्य भी होंगे। जो बैठक में केजरीवाल की जगह कुमार विश्वास को नया संयोजक बनाने का प्रस्ताव रख सकते हैं।
माना तो ये भी जा रहा है कि पार्टी इस प्रस्ताव को पारित भी कर सकती है। इस बात का दावा कई कार्यकर्ता कर रहे हैं। फिलहाल सभी को पार्टी की होने वाली बैठक का इंतजार है।
कुमार विश्वास ने पार्टी में उन्हें संयोजक बनाने की मांग को साजिश करार दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'अरविंद केजरीवाल नेता के साथ मेरे भाई भी हैं, जो कोई भी हमारे बीच दरार डालने की कोशिश कर रहा है वह हमारे रिश्ते की मजूबती से वाकिफ नहीं है।'
Besides being my leader, AK is my brother too! Whosoever is trying to reap a divide is unaware of our strong bonding. Luv U @ArvindKejriwal— Dr. Kumar Vishvas (@DrKumarVishwas) April 6, 2014