दिल्ली एनसीआर और अलीगढ़ सहित आसपास के शहरों से चुराई जा रही लग्जरी कारें नक्सलियों तक पहुंच रही हैं। इस बात पर एक बार फिर महानगर पुलिस ने मुहर लगा दी है।
पुलिस ने मूलत: कोलकाता के सिकंदराम निवासी दो ऐसे युवकों को दबोचा है, जो यहां से कारें चुराकर कोलकाता भेज रहे थे। दोनों से क्वारसी की एडीए कॉलोनी से तीन माह पहले चुराई गई एक सेंट्रो भी बरामद हुई है।
दोनों की गिरफ्तारी की सफलता गांधी पार्क पुलिस को मिली है, जिनसे पूछताछ जारी है। देर रात तक चली पूछताछ में स्वीकारा है कि तीन कारें हाल ही में कोलकाता छोड़कर आए हैं।
दिल्ली, नोएडा से भी चुराते थे कार
यह पहला मौका नहीं है जब स्पष्ट हुआ है कि पश्चिमी यूपी से चोरी जाने वाली लग्जरी कारें बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिमी बंगाल, असम आदि राज्यों में नक्सलियों तक पहुंचती हैं। इससे पहले भी दो बार महानगर पुलिस इस तरह के खुलासे कर चुकी है।
अब एक बार फिर गांधी पार्क पुलिस को बृहस्पतिवार को सफलता मिली। पुलिस ने सेंट्रो कार सवार दो युवकों को चेकिंग के दौरान रोका तो वह फंस गए। उनके पास एक ऐसी सेंट्रो मिली, जो तीन माह पहले क्वारसी से चुराई गई थी।
दोनों ने पूछताछ में अपने नाम समरोज सरकार पुत्र श्याम प्रकाश सरकार व प्रकाश मंडल पुत्र गोपीनाथ मंडल निवासीगण सिकंद राम उत्तर 24 परगना कोलकाता बताया। उन्होंने स्वीकारा कि इसके अलावा वह दिल्ली, नोएडा आदि से भी कारें चुराते रहे हैं।
मॉल में करते थे नौकरी
हाल ही में तीन कारें जिनमें डस्टर, बीट आदि चुराकर कोलकाता छोड़कर आए हैं। हालांकि खुले तौर पर वह नहीं स्वीकार रहे कि गाड़ियां नक्सलियों तक पहुंचती हैं। मगर स्वीकारा है कि उनका एक सरगना है जो इन गाड़ियों को इसी तरह के गिरोहों के पास भेजता है।
एसओ के अनुसार देर रात तक पूछताछ जारी थी। संभव हुआ तो शुक्रवार को जेल भेजा जाएगा। दोनों युवकों ने स्वीकारा है कि महानगर के शीशियापाड़ा इलाके में रहते थे और रामघाट रोड के एक मॉल में नौकरी करते थे। इसी दौरान चोरी के लिए कार तलाशते थे।
अब देखने वाली बात ये होगी कि पुलिस कैसे इनके नक्सल कनेक्शन को तलाश करेगी और कैसे इनके बाकी सहयोगियों को गिरफ्तार करेगी।