झारखंड और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है। झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच चरण में होने वाले चुनाव के तहत दूसरे चरण में 20 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। ये सीटें माओवाद प्रभावित सात जिलों में फैली हैं और यहां 223 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 35 महिलाएं हैं।
इन सीटों पर भाजपा के आठ विधायक, झामुमो के पांच, कांग्रेस के दो और बाकी निर्दलीय और अन्य दलों के विधायक थे। इस चरण में 18 सीटों पर चुनाव लड़ रही भाजपा को झामुमो और झाविमो से कड़ी टक्कर मिल रही है। इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा के भी चुनावी भाग्य का फैसला होगा।
दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर में दूसरे चरण की 18 सीटों पर चुनाव लड़ रहे 175 उम्मीदवारों में से 97 स्नातक नहीं हैं और नौ के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने बताया है कि उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्रों के साथ जमा किए गए हलफनामों के अनुसार उनमें से नौ निरक्षर हैं, जबकि 28 स्कूली शिक्षा बीच में ही छोड़ चुके हैं। इनमें 55 उम्मीदवार यानी कि 31 प्रतिशत करोड़पति हैं।
अलगाववादियों की धमकियों के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े प्रबंध
वहीं, जम्मू और कश्मीर की नौ-नौ सीटों पर 175 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 15,35,087 मतदाता करेंगे। आतंकी हमलों, अलगाववादियों की धमकियों के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि पूर्व अलगाववादी नेता पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
माना जा रहा है कि उनको भाजपा का भी समर्थन हासिल है। ऐसे में दूसरे चरण में सज्जाद लोन की सीट सबसे अहम मानी जा रही है। दो दिन पहले मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हंदवाड़ा में एक जनसभा के दौरान भाजपा से हाथ मिलाने पर सज्जाद लोन को आड़े हाथ लिया था। इसके अलावा चार मंत्री भी दूसरे चरण के चुनाव में प्रत्याशी हैं।
दूसरे चरण में उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। कुपवाड़ा जिले की करनाह, कुपवाड़ा, लोलाब, हंदवाड़ा और लंगेट सीटों पर 3,99,776 मतदाता कुल 51 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस क्षेत्र में चुनावी टक्कर रोमांचक मानी जा रही है। यहां से पीपुल्स कांफ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व अलगाववादी रहे सज्जाद लोन, नेकां के चौधरी रमजान और आवामी इतेहाद पार्टी के इंजीनियर रशीद चुनाव लड़ रहे हैं।
कुपवाड़ा जिले में वर्ष 2008 के चुनावों में 68.22 प्रतिशत मतदान हुआ था। कुलगाम जिले के चार चुनावी क्षेत्र नूराबाद, कुलगाम, होम शालीबग और देवसर में कुल 39 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 3,31,920 मतदाता करेंगे। कुलगाम में वर्ष 2008 के चुनावों में 64.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। जम्मू संभाग के उधमपुर, रियासी और पुंछ जिलों के भी नौ विधानसभा क्षेत्रों में भी दूसरे चरण के तहत मंगलवार को मतदान होगा।
रियासी जिले में 2377446 मतदाता 31 प्रत्याशियों, उधमपुर जिले में 299796 मतदाता 23 प्रत्याशियों और पुंछ जिले में 265849 मतदाता 31 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। वर्ष 2008 में रियासी जिले में 75.99 फीसदी, उधमपुर जिले में 63.51 फीसदी और पुंछ जिले में 75.71 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।