कांठ बवाल में चुप्पी साधे बैठी भाजपा ने अब सुल्तानपुर के सांसद और राष्ट्रीय महामंत्री वरुण गांधी को आगे किया है। वरुण शुक्रवार को मुरादाबाद आएंगे। उनका प्रोग्राम मिलने से भाजपाइयों में जोश है।
प्रदेश नेतृत्व के महापंचायत की कॉल से मुकर जाने के बाद वरुण का आना भाजपाइयों को ऑक्सीजन दे रहा है। शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने का भी प्रोग्राम तय हुआ है।
भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलेंगे
कांठ बवाल में जेल में बंद भाजपा के साठ कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए अभी तक कोई भी बड़ा भाजपा नेता यहां नहीं आया है जबकि कार्यकर्ता ये उम्मीद लगाए बैठे थे कि उनके जेल जाने के बाद कोई बड़ा आंदोलन होगा और पार्टी पूरी ताकत से उनके पीछे खड़ी होगी।
कार्यकर्ताओं में अंदरखाने पनप रहे गुस्से को भांपते हुए भाजपा ने अब वरुण गांधी को आगे किया है।
वरुण शुक्रवार को दोपहर दो बजे मुरादाबाद पहुंचेंगे और सीधे जिला जेल में बंद कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। वरुण के आने की सूचना से भाजपाई उत्साहित हैं।
अनजान बने प्रमुख सचिव गृह
एसएसपी के थप्पड़ों की गूंज लखनऊ से दिल्ली तक गूंजी थी। वो चार जुलाई का दिन था। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कांठ में एसडीएम विजयपाल सिंह की पिटाई कर दी थी, कई थप्पड़ मारे।
हालांकि इसे अनजाने में हुई घटना बताया गया लेकिन इससे पुलिस और प्रशासनिक अमले में दूरियां बनने लगी थीं। प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी इससे अनजान हैं। बृहस्पतिवार को जब उनसे सवाल किया गया तो बोले, यह कब हुआ था।
महापंचायत के ऐलान की खबर नहीं
हमें तो किसी ने बताया ही नहीं। चार जुलाई को भाजपा ने कांठ में महापंचायत का ऐलान किया था। इस पंचायत को रोकने के लिए पूरा अमला कांठ में था। यहां एसडीएम विजयपाल सिंह की भी ड्यूटी थी।
महापंचायत स्थल पर जाने की कोशिश करने वाले भाजपाइयों को एसडीएम ने गिरफ्तार किया था और उन्हें थाने ले जा रहे थे।
भाजपाई समझ के पीटा था एसडीएम
इसी दौरान एसएसपी धर्मवीर सिंह यहां पहुंचे और भाजपा नेताओं को लेकर थाने जा रहे एसडीएम विजयपाल सिंह को भाजपाई समझकर पीटने लगे। यहां खड़े तहसीलदार ने जाकर उन्हें बचाया।
एसएसपी को बताया गया कि जिन्हें उन्होंने पीटा है वह एसडीएम हैं। इस पर एसएसपी ने माफी मांगकर बात खत्म कर दी। यह पूरा प्रकरण सुर्खियां बना रहा था।