कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब आईटीबीपी के डीजी अजय चड्डा ने यह कहकर बवाल मचा दिया है कि उत्तराखंड दौरे के दौरान गोचर में राहुल गांधी के लिए कैंप खाली कराया गया था।
गोचर के इस कैंप में आईटीबीपी के जवान ठहरे हुए थे। इसके बावजूद राहुल गांधी को ठहराने के लिए इन जवानों को वहां से हटाया गया। हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया कि आईटीबीपी ने किसके निर्देश पर ऐसा किया।
गौरतलब है कि जिस दिन गृह मंत्रालय ने उत्तराखंड में वीआईपी को न जाने का निर्देश जारी किया था, उसी दिन राहुल गांधी ने सुरक्षा के पूरे तामझाम के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
वहीं गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे और 15 हजार गुजरातियों को बचाने के दावों से असहज केंद्र ने राज्यों को राहत बचाव कार्य में सीधे शामिल होने से मना कर दिया था। साथ ही वीआईपी के दौरे पर भी रोक लगाने का निर्देश जारी किया गया।
हालांकि, बाद में सुशील कुमार शिंदे नरम पड़ गए थे और उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हालात काफी सुधर गए हैं। इसलिए नरेंद्र मोदी सहित कोई अन्य नेता वहां जाना चाहें, तो वे जा सकते हैं।