भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने अपनी कोलकाता की जनचेतना रैली में एक साथ कई निशाने साधे। मोदी ने थर्ड फ्रंट से शुरू कर ममता बनर्जी, प्रणब मुखर्जी, वाम दलों पर अपने भाषण के दौरान जमकर हमला बोला।
नरेंद्र मोदी ने सेक्युलरिस्म और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे मुद्दे पर कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए। मोदी ने बंगाल के हुए विकास कार्यों पर भी सवाल उठाया।
मोदी ने कहा कि अगर बंगाल की जनता भाजपा को एक बार मौका देगी तो साठ
साल के दौरान हुए गड्ढ़ों को भरने का काम करेगी। मोदी ने पहले ममता बनर्जी
पर हमला बोला तो बाद में आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए डोरे भी डाले।
एकजुट हुआ थर्ड फ्रंट
आगामी लोकसभा चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे का गठन अब तय समझा जा रहा है। बुधवार को गैर कांग्रेसी और गैर भाजपाई 11 दलों ने औपचारिक तौर पर एक गुट बनाकर थर्ड फ्रंट के गठन की ओर संकेत किया।
केंद्र में जन समर्थक, गैर सांप्रदायिक और संघीय सरकार के एजेंडे के आधार पर थर्ड फ्रंट के गठन की कवायद तेज हो गई है। 11 दलों के संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में औपचारिक तौर पर एक नए गुट के गठन की घोषणा की गई।
कांग्रेस-आप में तकरार, गिरेगी सरकार!
आम जनता को राहत देने वाले कदमों के दावों-वादों और हर दिन खड़े हो रहे विवादों के बीच दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार अब नए बवाल की ओर बढ़ती दिख रही है।
अब तक इशारों-इशारों में अरविंद केजरीवाल सरकार पर हमले बोलने वाली सहयोगी पार्टी कांग्रेस खुलकर उसके विरोध में सामने आ गई है। कांग्रेस का कहना है जिस तरह कैबिनेट ने जन लोकपाल बिल पास कर दिया, वह गैरकानूनी है।
आम आदमी पार्टी के लिए केवल यही बुरी खबर नहीं है। एक खबर बुधवार सवेरे यह भी है कि उसकी सरकार पर आए दिन हमला बोलने वाले पार्टी से निष्कासित विनोद कुमार बिन्नी ने सरकार से समर्थन वापस लेने का मन बना लिया है।
डॉन ने चलती ट्रेन में रचा ली शादी
गैंगस्टर अबू सलेम का फिल्मी कनेक्शन जगजाहिर है, लेकिन अपनी असल जिंदगी में भी सलेम फिल्मी हीरो की तरह पेश आएगा, इसका अंदाजा नहीं था। फर्जी पासपोर्ट समेत कई गंभीर आरोपों में पिछले 12 सालों से जेल में कैद अबू सलेम ने चलती ट्रेन में शादी रचाकर सबको हैरान कर दिया।
वाकया आठ जनवरी का है, जब सलेम को फर्जी पासपोर्ट मामले में एक केस की पेशी के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था। 2002 में पुर्तगाल से प्रत्यर्पण के तहत सलेम को भारत लाया गया था।
उस पर टी सीरीज के मालिक गुलशन कुमार और मनीषा कोइराला के सेक्रेटरी प्रदीप जैन के मर्डर के केस समेत और भी कई गंभीर आरोपों के तहत मामले चल रहे हैं।
AIR FORCE में बेहतरीन मौका
दुश्मनों को नेस्तनाबूद करने का मंसूबा रखने वाले युवाओं के लिए भारतीय वायुसेना में रोजगार के बेहतरीन मौके हैं। वायुसेना में एयरमैन पदों पर नियुक्ति की जा रही है। इनके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन मंगाए गए हैं।
वायुसैनिक के पद के लिए आवदेन करने वाला उम्मीदवार शैक्षणिक तौर पर इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा गणित, भौतिक और अंग्रेजी, कुल में 50 प्रतिशत अंकों, अंग्रेजी 50 प्रतिशत अंकों के साथ पास की हो या मान्यताप्राप्त संस्थान से इंजीनीयरी ट्रेड में 50 प्रतिशत अंकों के साथ तीन वर्षीय डिप्लोमा धारक हो।
चुनाव का रोमांचक बनाने की पूरी तैयार
आम आदमी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनावों का रोमांचक बनाने की पूरी तैयार कर ली है। कयासों की मानें तो आम आदमी पार्टी इस बार सभी दलों के दिग्गज नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक जीवन के किसी ना किसी नामचीन हस्ती को उतारने की कोशिश कर रही है।
पार्टी ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ महात्मा गांधी के पोते और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी को चुनाव लड़ाने की योजना बनाई है।
आप की फेहरिश्त में पूर्व महालेखा परीक्षक (CAG) विनोद राय और पूर्व चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी, पूर्व नौकरशाह केसी सिंह और हरियाणा के चर्चित आईएएस अधिकारी अशोक खेमका का भी नाम है।
इन्हें किसी ना किसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाने की योजना बनाई जा रही है। पार्टी कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के खिलाफ शाजिया इल्मी को चुनाव लड़ा सकती है।
पड़ोसन का 8 महीने से कर रहा था रेप
एक युवक आठ महीने से अपनी पड़ोसन का रेप कर रहा था। जान से मारने की धमकी से डर कर उसने इसके बारे में परिजनों को नहीं बताया।
यह मामला तब सामने आया जब महिला के पति ने पड़ोसी को बीवी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। पति की शिकायत पर पुलिस ने रेप का मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना गोवा के पोंडा थाना क्षेत्र की है।
आरोपी गणेश गौड़ा अकोला का रहने वाला है। वह पेशे से इलेक्ट्रिशियन है। वह आठ महीने से पड़ोसन का रेप कर रहा था। महिला एक बच्चे की मां है।
उसने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक ने घटना के बारे में किसी से बताने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी थी।
'डरने की जरूरत नहीं, मजबूत है इकोनॉमी'
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा राहत पैकेज में की जा रही कटौती का सामना करने के लिए भारत अब कहीं ज्यादा तैयार है।
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन के अनुसार आज हम छह महीने पहले की स्थिति की तुलना में कहीं बेहतर तरीके से तैयार हैं। हालांकि हमें ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है।
सरकार और आरबीआई ने पिछले दिनों में कई ऐसे कदम उठाए हैं, जिसकी वजह से आज भारतीय अर्थव्यवस्था फेड की चुनौती से निपटने के लिए पहले से ज्यादा मजबूत है।
वनडे में मिली हार का बदला लेने का सही मौका
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच गुरुवार से ऑकलैंड के ईडन पार्क पर खेला जाएगा जहां टीम इंडिया ने कोई टेस्ट नहीं गंवाया है।
न्यूजीलैंड की जमीन पर भारत ने जो पांच टेस्ट जीते हैं उनमें से दो बार उसे इसी मैदान पर जीत नसीब हुई है। टीम इंडिया ने ईडन पार्क में चार टेस्ट खेले हैं जिनमें से दो जीते हैं जबकि दो ड्रॉ रहे।
टीम इंडिया ने 1968 में न्यूजीलैंड को 272 रन से और 1976 में आठ विकेट से शिकस्त दी थी। 1981 और 1990 में दोनों टीमों के बीच यहां खेले गए टेस्ट ड्रॉ रहे थे। यानी दोनों टीमें 24 साल बाद इस मैदान में आमने-सामने होंगी।
नष्ट किए अपने रासायनिक हथियार
लीबिया ने अपने सभी रासायनिक हथियारों को नष्ट करने का दावा किया है। लीबिया के विदेश मंत्री मोहम्मद अब्देलअज़ीज़ ने कहा कि नष्ट किए गए हथियारों में बम और तोपगोले भी शामिल हैं जिनमें मस्टर्ड गैस भरी हुई थी।
साल 2004 में लीबिया ने कहा था कि उसके पास करीब 25 टन सल्फर मस्टर्ड गैस और कुछ हज़ार ऐसे बम हैं जिसका इस्तेमाल रासायनिक युद्ध में किया जा सकता है।
लीबिया ने कैमिकल वैपंस कनवेंशन (सीडब्ल्यूसी) पर हस्ताक्षर करके रासायनिक हथियारों से मुक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
अब्देल अज़ीज़ ने मंगलवार को राजधानी त्रिपोली में कहा, "लीबिया रासायनिक हथियारों से पूरी तरह मुक्त हो गया है जिनसे स्थानीय समुदायों, पर्यावरण और आसपास के क्षेत्रों को ख़तरा हो सकता था।"