चुनावी मौसम में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषणों का जैसे खुला दौर चल पड़ा है। भाजपा नेता गिरिराज मोदी विरोधियों को पाकिस्तान भेजने की बात कह रहे हैं और जेडीयू नेता शकुनि चौधरी का कहना है कि मोदी अगर भागलपुर आए, तो उन्हें गाड़ दिया जाएगा।
इससे पहले भाजपा नेता अमित शाह और सपा नेता आजम खां पर आपत्तिजनक बयानों की वजह से पाबंदी लगा दी गई थी। हालांकि, बाद में शाह से यह बैन हटा दिया गया।
इस बीच विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने गुजरात के भावनगर में सियासी तापमान बढ़ा दिया है। भाजपा के करीबी समझे जाने वाले तोगड़िया का यह बयान भगवा दल के लिए नई मुसीबत खड़ी कर सकता है।
मुस्लिमों के प्रॉपर्टी खरीदने पर सवाल
प्रवीण तोगड़िया ने शनिवार शाम उन मुस्लिमों को निशाना बनाया, जो हिंदू इलाकों में प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं। टीओआई के मुताबिक तोगड़िया ने रात में वीएचपी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मेघानी सर्कल के करीब मुस्लिम कारोबारी के खरीदे मकान के बाहर प्रदर्शन किया।
इस तरह के सौदों को रोकने के लिए हिंदूवादी संगठन यूं तो नियमित तौर पर 'राम धुन' और 'राम दरबार' का आयोजन कर रहे थे, लेकिन इस बार तोगड़िया और आगे निकल गए।
तोगड़िया ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि वो इस घर को अपने कब्जे में ले लें और उस पर बजरंग दल का तख्ता टांग लें। तोगड़िया ने कहा कि इस तरह के सौदों के रोकने के सिर्फ दो रास्ते हैं।
वीएचपी नेता ने हमला करने के लिए भड़काया
प्रवीण तोगड़िया के मुताबिक पहला यह कि भावगन में डिस्टर्ब एरियाज एक्ट लागू करने के लिए राज्य सरकार पर दबाव बढ़ाया जाए, जो अचल संपत्ति को लेकर दो समुदाय के बीच होने वाली सौदेबाजी को रोकता है।
दूसरा यह कि इस तरह के मकानों का कब्जा जबरन अपने हाथों में लिया जाए, ताकि बाद में कई साल चलने वाली कानूनी लड़ाई लड़ी जा सके।
उन्होंने यह मकान खाली करने के लिए मुस्लिम परिवार को 48 घंटे का वक्त दिया। उन्होंने कहा, "अगर वो नहीं मानता, तो पत्थर, टायर और टमाटर लेकर उसके दफ्तर जाओ। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। राजीव गांधी के हत्यारों को फांसी पर नहीं चढ़ाया गया...इसलिए डरने की जरूरत नहीं और केस चलता रहेगा।"
पुलिस को डर, भड़क सकती है भीड़
तोगड़िया ने कहा, "मैंने पहले भी ऐसा किया है और मुस्लिमों ने प्रॉपर्टी और पैसा, दोनों खो दिया।" उन्होंने कहा कि हिंदुओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए राजनीतिक दलों पर दबाव बढ़ाने का चुनाव सबसे अच्छा वक्त है।
उन्होंने कहा, "हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भाजपा और कांग्रेस पर दबाव बनाने में जरा भी हिचकिचाहट नहीं दिखानी चाहिए।"
जब यह घटना हुई, उसके बाद इलाके में काफी वक्त तक तनाव बना रहा। पुलिस को यह डर सता रहा था कि भड़काऊ भाषण सुनने वाली भीड़ कहीं मकान पर हमला न बोल दे। किसी भी तरह की अप्रिय घटना के लिए पुलिसकर्मियों का एक दल मकान के बाहर तैनात किया गया।