शमसाबाद में पांच लोगों की जान लेने के बाद जहरीली शराब ने अब खंदौली क्षेत्र में तीन जिंदगी लील ली हैं। इनमें गांव लालगढ़ी के राजमिस्त्री कन्हैया लाल (52) और प्रभात कोल्ड स्टोरेज के मजदूर गणेश सिंह ( 26) तथा सुरजीत सिंह ( 32) शामिल हैं। इनके अलावा 20 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, मजदूरों की मौत पर पर्दा डालने के लिए लेबर ठेकेदार ने उनके शव बगैर पोस्टमार्टम कराए नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर) स्थित उनके गांव भिजवा दिए। इसकी जानकारी पर भी आगरा पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। कन्हैया लाल ने अपने साथियों सहदेव सिंह (50), भूरी सिंह (48) और शंकरपाल के साथ शनिवार की शाम गांव लालगढ़ी में परचून की दुकान चलाने वाले राजू से देसी शराब के दो पौवे लेकर पिए थे।
थोड़ी देर बाद ही उन्हें दिखाई देना बंद हो गया और उल्टियां होने लगीं। उन्हें कमला नगर स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जानकारी पर न्यू आगरा थाना पुलिस भी नर्सिंग होम पहुंची गई, लेकिन न तो मामला दर्ज किया और न ही अधिकारियों को जानकारी दी गई। रविवार सुबह कन्हैया लाल की मौत हो गई। बाकी की हालत गंभीर बनी हुई है।
एक ढाबे से देसी शराब खरीदकर पी थी
सूचना पर एसपीआरए बबीता साहू, सीओ, एसडीएम और आबकारी इंस्पेक्टर लालगढ़ी पहुंचे। पुलिस ने शराब विक्रेता राजू के घर और दुकान पर दबिश दी, मगर वह हाथ नहीं लगा।
उधर, खंदौली क्षेत्र में हाथरस रोड स्थित प्रभात कोल्ड स्टोरेज में ऊधमसिंह नगर, रुद्रपुर और खटीमा के मजदूरों को ठेकेदार मोहम्मद हनीफ लेकर एक माह पहले लेकर आया था। धर्मपाल, दुर्योधन व राजेंद्र और बबलू ने शुक्रवार की शाम को एक ढाबे से देसी शराब खरीदकर पी थी। इन्हें उल्टी होने लगी।
यह देख लेबर ठेकेदार ने दुर्योधन और राजेंद्र को बाईपास रोड स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। साथी मजदूरों गणेश, सुरजीत, धर्मपाल और बबलू को एंबुलेंस से एसएन अस्पताल लेकर आए। ग्राम पचपेड़ा झनकट निवासी गणेश सिंह राणा (26) और कैथुलिया निवासी सुरजीत सिंह (32) की रास्ते में ही मौत हो गई।
ठेकेदार हनीफ ने रविवार सुबह एंबुलेंस से उनके शव सीधे घर भिजवा दिए। धर्मपाल और बबलू को भी गंभीर हालत में भेज दिया गया। कोल्ड स्टोर के अन्य मजदूरों ने बताया कि कुल 20 मजदूरों ने शराब पी थी। तबीयत बिगड़ने पर ठेकेदार ने उन्हें घर भेज दिया।
शरीर पड़ गए थे नीले
उधर, नानकमत्ता में विधायक डा. प्रेम सिंह राणा एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष गोपाल सिंह राणा ने मृतकों के घर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। विधायक ने नानकमत्ता थानाध्यक्ष को दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। इस पर शवों को खटीमा पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस ने दोनों एंबुलेंस (यूपी70सीटी-3735) के चालक कृपानगला थाना मुरसान जिला हाथरस निवासी रनवीर सिंह और एंबुलेंस संख्या (यूपी75एम9435) से पूछताछ की। दोनों एंबुलेंस भी पुलिस ने कब्जे में ले ली हैं।
शरीर पड़ गए थे नीले
मृतक मजदूर गणेश और सुरजीत के एक साथी ने बताया कि शुक्रवार को उसके साथी सात युवक काम पर जाने के बजाय घूमने चले गए थे। कोल्ड स्टोर में रहने के लिए मिले स्थान पर आते ही उनकी तबियत खराब हो गई। मृतकों के शरीर व चेहरे का रंग नीला पड़ गया था। हो सकता है, जहरीली शराब से दोनों की मौत हुई हो।