बृहस्पतिवार को पुणे शहर में एक बार फिर दहशत फैल गई। शहर के फरासखाना पुलिस थाने की पार्किंग में दोपहर करीब दो बजे, दो धमाके हुए।
हालांकि यह सामान्य धमाका था लेकिन इस धमाके में एक पुलिस कांस्टेबल सहित तीन लोग जख्मी हो गये और चार मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हुई।
विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन इस विस्फोट में आईईडी का इस्तेमाल किये जाने की बात सामने आई है। प्राथमिक जांच में मोटरसाइकिल में बम प्लांट किए जाने की पुष्टि की गई है।
फरासखाना पुलिस थाना पुणे शहर के मध्य भाग में है। यहां पुणे का प्रसिद्ध दगडूसेठ हलवाई गणपति मंदिर है। इस विस्फोट में दीपक सिंह और मनीषा जाधव के अलावा केलकर नामक पुलिस कांस्टेबल जख्मी हुआ है।
विस्फोट के बाद घटनास्थल पर पहुंची एटीएस की टीम के अनुसार यह विस्फोट गाड़ी की बैटरी का नहीं है इसलिए मामला संदेहास्पद है। वहीं पुणे के पुलिस आयुक्त सतीष माथुर ने भी किसी तरह की साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया है।