महाराष्ट्र में भाजपा को भले की अन्य पार्टियों की अपेक्षा ज्यादा सीटें मिली हों लेकिन पार्टी और उसके स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्षेत्रीय पार्टियां कोई खास तवज्जो देने के मूड में नहीं हैं।
हेडलाइंस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में भाजपा की ओर से सबसे ज्यादा सीटें जीतने के पीछे मोदी लहर को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कोई मोदी लहर नहीं थी।
इलेक्शन कमीशन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार में 288 सीटों अब तक भाजपा एक सीट पर विजय हासिल कर चुकी है और 108 सीटों पर आगे चल रही है। उसके करीब 110 सीटों पर जीत हासिल करने की संभावना है।
वहीं शिवसेना को 288 सीटों में 2 पर जीत हासिल हुई है और 54 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। शिवसेना इस चुनाव से महाराष्ट्र में भाजपा के बाद दूसरी सबसे पार्टी बनकर उभर रही है। उसके करीब 60 सीटें हासिल करने की संभावना है।
जबकि उद्धव के भाई राज ठाकरे की पार्टी को अभी तक एक सीट पर जीत मिली है और एक पर ही बढ़त हासिल है।
जिस तरह से उद्धव ने महाराष्ट्र में मोदी लहर को नकारा है, उससे लगता है सरकार बनाने को लेकर दोनों पार्टियों के बीच अब भी आसानी से गठबंधन होने की संभावना नहीं है।
चुनाव से पहले ही उद्धव ठाकरे के निशाने पर प्रधानमंत्री मोदी ही रहे हैं और चुनाव परिणामों में एक बार फिर मोदी लहर को नकार देने से दोनों के बीच संभावित गठबंधन को संभावना को झटका लगा है।