केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे को पत्र लिख कर अपनी पत्नी सुनंदा पुष्कार की मौत के मामले में जांच में सहयोग देने पेशकश की है।
रविवार को लिखे पत्र में थरूर ने शिंदे से जांच में तेजी लाने के लिए जांच अधिकारियों को निर्देश देने के साथ ही मीडिया में मौत के मामले में जारी अटकलबाजी पर चिंता जाहिर की।
मीडिया में आई खबरों से थरूर परेशान
मीडिया में आ रही अलग-अलग खबरों और अटकलों से बुरी तरह व्यथित थरूर ने कहा है कि दुख की घड़ी में परिजनों के साथ समय बिताने की जगह वह अपमान झेल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि थरूर की पत्नी सुनंदा की बीते शुक्रवार को देर शाम एक लक्जरी होटल में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
इस घटना से पहले पाकिस्तानी महिला पत्रकार से कथित संबंधों को ले कर पति-पत्नि के बीच तनाव की भी खबरें आई थी। एम्स के डाक्टरों ने भी सुनंदा की मौत को अप्राकृतिक बता कर मामले को उलझा दिया है।
थरूर ने गृह मंत्री को पत्र लिख कर अपनी पत्नी की मौत की जांच के मामले में तेजी लाने का अनुरोध करते हुए पूरी मदद की पेशकश की है।
पत्र में मीडिया में सुनंदा की मौत पर जारी बिना सोची समझी अटकलबाजियों पर दुख व्यक्त करते हुए थरूर ने लिखा है कि अपमान भरे दौर से बाहर निकलने के लिए इस मौत के मामले का सच जल्द से जल्द सामने आना चाहिए।
पत्र में उन्होंने लिखा है कि दुख की घड़ी में मुझे इस मौत के मामले में बिना सोची समझी और अटकल भरी खबरों का सामना करना पड़ा। यह अपमान सच सामने आने के बाद ही खत्म होगा।
इसलिए यह जरूरी है कि मामले का पूरा सच जल्द से जल्द सामने लाया जाए। पत्र में जांच में पूरा सहयोग करने का वादा करते हुए थरूर ने यह भी लिखा है कि दुख के क्षण परिवार वालों के साथ बिताने के बदले वह अपमान भरे दौर से गुजर रहे हैं।