पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में नौ साल की हिंदू बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई। प्रांतीय राजधानी लाहौर से करीब 400 किमी दूर रहीम यार खान जिले में मौजा घुनिया के रहने वाले बस्ती कता ने बताया पिछले बृहस्पतिवार को उनकी बेटी घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई।
कता ने पुलिस को इसकी सूचना दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई। परिवारवालों ने काफी ढूंढा पर उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार को कता के रिश्तेदारों को खुले मैदान में बच्ची का शव मिला।
पुलिस शव लेकर खानपुर के सरकारी अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम करने से ही इनकार कर दिया। नाराज घरवालों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। बाद में पोस्टमार्टम में रेप की पुष्टि हुई।
डॉक्टर ने कहा, ऐसा लगता है कि रेप के दौरान ही बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पाकिस्तान में सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय हिंदू है लेकिन इनकी आबादी केवल दो फीसदी है।
देश में ज्यादातर हिंदू दक्षिणी सिंध प्रांत में रहते हैं जहां अपहरण और महिलाओं के जबरन धर्मांतरण की कई घटनाएं सामने आई हैं। बलूचिस्तान में हाल के वर्षों में आतंकियों एवं आपराधिक गिरोहों ने हिंदुओं को निशाना बनाया है।