प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि अच्छे और बुरे तालिबान का कोई मतलब नहीं है। हम पूरी ताकत से आतंकियों के खिलाफ लड़ेंगे और ईंशा अल्लाह उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे। पाकिस्तान की धरती से आतंकवाद खत्म होने तक जंग जारी रहेगी। हम उन्हें हर हाल में हराकर रहेंगे।
वहीं इस दौरान तहरीक ए इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान ने कहा कि संकट की इस घडी में जब पूरा देश एकजुट है तब हम अलग कैसे रह सकते हैं। हमारे मुखालफत अलग हैं लेकिन इस मुद्दे पर हम एक हैं और इस पर कोई राजनीति नहीं होगी। इमरान ने कहा कि पूरी दुनिया और देश को यह एक संदेश है कि हम पूरी तरह एकजुट हैं।
वहीं उन्होंने यह भी कहा कि हम एक तो हो गए हैं लेकिन अब आतंकियों के खिलाफ क्या कदम उठाते हैं, यह हमें जल्द तय करना होगा। कहा कि सारा मुल्क मिलकर फैसला करें कि हम उन्हें किस तरह हरा सकते हैं। दहशगर्दों को हर हाल में कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर पाकिस्तान सरकार को हर तरह का समर्थन देने का वादा किया।