ब्रिसबेन के गाबा में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में ओंपनर मुरली विजय ने एडिलेड में मिली नाकामी को पीछे छोड़ते हुए शानदार शतक ठोक दिया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट पर 311 रन बना लिए थे। खेल खत्म होने के समय अजिंक्य रहाणे (75) और रोहित शर्मा (26) खेल रहे थे और दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी भी हो चुकी है।
ओपनर मुरली विजय (144) ने आज शानदार शतकीय पारी खेली। साथ ही रहाणे के साथ शतकीय साझेदारी भी की। मुरली की शानदार पारी का अंत नाथन ल्योन ने किया। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 213 गेंदों में 22 चौके भी जड़े।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज जोश हैजलवुड ने 2 विकेट झटके जबकि मिचेल मार्श तथा नाथन ल्योन को एक-एक सफलता मिली। आज का खेल भारतीय टीम के लिहाज से बेहद शानदार रहा क्योंकि तेज पिच पर कंगारूओं के तेज गेंदबाज खासकर मिचेल जॉनसन बेहद नाकाम साबित हुए। उन्होंने 15 ओवर डाले और 64 रन देने के बावजूद एक भी सफलता नहीं हासिल कर सके।
चार मैचों की टेस्ट सीरीज में एडिलेड टेस्ट जीतकर मेजबान ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे बना हुआ है।
फिर सस्ते में आउट हो गए धवन और पुजारा
चार मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच से वापसी कर रहे नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
मुरली विजय और शिखर धवन की भारतीय सलामी जोड़ी ने टीम को सधी शुरुआत दिलाई। दोनों ने तेज पिच पर शुरुआती घंटा आराम से निकाला और 56 रनों की साझेदारी कर डाली। हालांकि 14वें ओवर में मिचेल मार्श ने धवन को विकेट के पीछे कैच आउट कराकर इस जोड़ी को तोड़ दिया।
उनके जाने के बाद मुरली का साथ देने चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर आए और टीम के स्कोर को 100 रनों तक ले गए। लेकिन एक बार फिर पुजारा क्रीज पर टिक जाने के बाद अपनी पारी को आगे बढ़ाने में नाकाम रहे। तेज गेंदबाज जोश हैजलवुड की बाउंस लेती गेंद से बल्ला लगाने के चक्कर में कैच आउट हो गए। उन्होंने उन्हें विकेटकीपर ब्रैड हैडिन ने लपका। पुजारा 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
दूसरे छोर पर टिके मुरली ने शानदार बल्लेबाजी का सिलसिला बनाए रखा जिससे टीम ने 50वें ओवर में डेढ़ सौ रनों के आंकड़े को पार कर लिया।
मुरली के शतक से भारत हुआ मजबूत
मुरली विजय और विराट कोहली की नई जोड़ी क्रीज पर थी। दोनों ने एडिलेड में हुए पिछले मैच में बेहद शानदार प्रदर्शन किया और दोनों ही पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाए थे। जिसमें कोहली दोनों ही बार शतक लगाने में कामयाब रहे, वहीं मुरली दोनों ही बार शतक से चूक गए। दूसरी पारी में तो वह महज एक रन से ही शतक से रह गए थे।
हालांकि यह नई जोड़ी जल्द ही कोहली के आउट होने जाने के कारण टूट गई। अपने खतरनाक बाउंसर से चेतेश्वर पुजारा को आउट करने वाले जोश हैजलवुड ने कोहली को भी उसी अंदाज में विकेटकीपर हैडिन के हाथों कैच आउट कराया। कोहली 19 रन बनाकर आउट हुए।
कोहली के जाने के बाद अजिंक्य रहाणे क्रीज पर आए और दोनों ने बेहद सुलझे हुए अंदाज में बल्लेबाजी की और टी-ब्रेक तक और कोई झटका नहीं लगने दिया। टी-ब्रेक से लौटने पर मुरली ने अपना शतक 175वें गेंद पर ठोक दिया। चौथे विकेट के लिए दोनों ने 124 रनों की साझेदारी कर भारत को तीन सौ के करीब ला दिया। इस बीच रहाणे ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया।
तीसरे सत्र में भारत ने तेजी से रन बनाने का प्रयास शुरू किया। इस प्रयास में मुरली नाथन ल्योन के शिकार बन गए। उनकी एक गेंद को आगे बढ़कर मारने के प्रयास में विकेटकीपर हैडिन के हाथों स्टंप आउट हो गए। उन्होंने 213 गेंदों में 144 रनों की ठोस पारी खेली।
मुरली के जाने के बाद रहाणे ने रोहित शर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए दिन का खेल खत्म होने तक 50 रनों की साझेदारी कर डाली थी। उस समय रहाणे 75 और रोहित 26 रनों पर खेल रहे थे।
धोनी की कप्तानी नहीं कर पाई कुछ खास
धोनी की कप्तानी में विदेशी सरजमीं पर नौ टेस्ट में से भारत ने पांच गंवाए तीन मैच बराबरी पर ख्ात्म हुए। और बस एक में जीता। भारत को लगातार 3 टेस्ट सीरीज में पराजय झेलनी पड़ी।
एडीलेड टेस्ट में भी भारत हारा लेकिन कोहली ने बेहद आक्रामक कप्तानी की और आखिरी विकेट तक टीम को मैच में बनाए रखा। उन्होंने दोनों पारियों में शतक भी जमाए और धोनी उम्मीद करेंगे कि वह इस लय को कायम रखें।
चोट से उबरकर कप्तान धोनी टीम में लौटे हैं और उनकी वापसी युवा ब्रिगेड के लिए प्रेरणा का काम करेगी। हालांकि वर्तमान भारतीय टीम के किसी भी सदस्य ने इस मैदान पर टेस्ट नहीं खेला है। जाहिर है, धोनी की भूमिका अहम हो जाती है।