एक मॉडल के बलात्कार के आरोप में निलंबित डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस सुनील पारस्कर एक नई मुसीबत में फंस गए हैं। शहर पुलिस ने पारस्कर और उनके भाई के खिलाफ एक महिला के साथ छेड़छाड़ और धमकाने का मामला दर्ज किया है।
एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (उत्तरी क्षेत्र) किशोर जाधव ने बताया कि हमने सुनील पारस्कर और उनके भाई रवि के खिलाफ शनिवार को छेड़छाड़, धमकाने और जबरन रोकने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता रवि की किरायेदार थी और उन्होंने उसे कांदिवली स्थित अपने आवास पर बुलाया था। वहां उन्होंने पीड़िता को धमकाया और उसके साथ छेड़छाड़ की।
पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त निलंबित आईपीएस अधिकारी भी वहां पर मौजूद थे। कुछ हफ्तों पहले 25 वर्षीय एक मॉडल ने निलंबित डीआईजी पारस्कर (57) पर दिसंबर 2013 में दो मौकों पर शारीरिक शोषण करने और छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। सेशन कोर्ट ने पारस्कर को पूर्व गिरफ्तारी जमानत दी हुई है।