भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी कांग्रेस नेता शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर मौत मामले में जनहित याचिका दायर करने की तैयारी कर रहे हैं। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि मैं कोर्ट में इस मामले की गहन जांच के लिए लेकर जनहित याचिका दायर कर सकता हूं।
उन्होंने कहा कि मैंने यूपीए सरकार के दौरान कई मौकों पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है लेकिन राजग सरकार के आने के बाद एक भी मामला दायर नहीं किया है। उन्होंने इस बात का भी इशारा किया कि भले ही सुनंदा के पति शशि थरूर आजकल दिल्ली में भाजपा दफ्तर का चक्कर लगा रहे हों लेकिन वह कोर्ट में मामला दायर करने से हिचकेंगे नहीं।
मालूम हो कि सुनंदा की मौत के बाद से ही साजिश का आरोप लगाते हुए स्वामी विशेष जांच की मांग करते रहे हैं। इस साल 17 जनवरी को सुनंदा पुष्कर की लाश दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में मिली थी।
इससे पहले सोशल साइट पर पाकिस्तानी पत्रकार पर उन्होंने अपने पति के साथ अफेयर को लेकर कई ट्वीट भी किए थे। पिछले महीने एम्स के डॉक्टरों ने पुलिस की दी अपनी एक ताजा रिपोर्ट में मौत के पीछे जहर को कारण बताया था।