मथुरा में बरसाना कस्बे के राधा रानी मंदिर में आज सुबह आरती के दौरान मची
भगदड़ में दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसे में कई श्रद्घालु घायल हो गए। आज
राधाष्ठमी पर्व पड़ने के कारण मंदिर में बडी संख्या में श्रद्धालु
पूजा-अर्चना के लिए इकट्ठा हुए थे। बताया जा रहा है कि प्रशासन ने पर्व के
बावजूद मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम नहीं किए थे। मंदिर में मची
भगदड़ में सबसे ज्यादा महिलाओं को चोट आई है।
इस बीच पुलिस ने
मंदिर में भगदड़ होने से इनकार किया है। पुलिस अधीक्षक देहात एके राय ने
कहा है कि मंदिर में भगदड़ जैसी कोई घटना नहीं घटी है। उन्होंने बताया कि
जिन दो महिलाओं की मौत हुई है वे दिल की मरीज थीं और लगभग 100 सीढियां चढकर
मंदिर में पहुंची थी। मंदिर में भीड़ और गर्मी के कारण घुटन हो रही थी।
उन्होंने
बताया कि एक महिला ने मंदिर के बाहर सीढ़ियों पर ही दम तोड़ दिया, जबकि
दूसरी महिला की अस्पताल में मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों का कहना है कि
आरती के दौरान मंदिर से बाहर निकलने वाल दरवाजे पर भीड़ के कारण यह घटना
हुई है।