महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर का विवाद कोर्ट में पहुंचने के बाद अब आपसी समझौते की बात होने लगी है। शनिदेव मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर जारी गतिरोध को दूर करने के लिए आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर मध्यस्थता के लिए आगे आए हैं।
सूत्रों का कहना है कि इस विवाद को सुलझाने के लिए श्रीश्री रविशंकर अगले सप्ताह शनिमंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से बातचीत करने शिंगणापुर जा सकते हैं। शनिशिंगणापुर मंदिर में महिलाओं को प्रवेश को लेकर परंपरा की दुहाई दी जा रही है। वहीं, सनातन संस्था ने भी शनिशिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट के सुर में सुर मिलाया है।
महिलाओं को मंदिर में प्रवेश के अधिकार को लेकर भूमाता ब्रिग्रेड ने पहले से ही मोर्चा खोल रखा है। इस बीच, जालना की डाक्टर वसुधा पवार ने बांबे हाईकोर्ट की औरंगाबाद खंडपीठ में एक जनहित याचिका दायर की है जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने शनैश्वर देवस्थान के साथ केंद्र और राय सरकार को नोटिस जारी किया है।