पाकिस्तान ने भरोसा दिया है कि पठानकोट आतंकी हमले की जांच वह जल्द से जल्द पूरी कर लेगा। पाक के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने शनिवार को कहा कि भारत के साथ चल रही वार्ता प्रक्रिया भी इस आतंकी हमले की वजह से काफी प्रभावित हुई है।
पाक पीएम ने कहा कि पठानकोट हमले ने भारत के साथ वार्ता पर नकारात्मक असर डाला है। शरीफ ने कहा कि भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के उनके देश के दौरे के बाद दोनों देशों की वार्ता सही दिशा में जा रही थी, मगर आतंकी हमले ने इसे बाधित कर दिया।
पत्रकारों से बातचीत में शरीफ ने कहा कि पठानकोट हमले की जांच फिलहाल जारी है और हम जल्द इसके बारे में खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमले से संबंधित जो भी तथ्य सामने आएंगे, हम उन्हें सबके सामने लाएंगे।