थाना रोजा क्षेत्र के गांव भावलखेड़ा में छेड़खानी का विरोध करने पर सोमवार सुबह एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर 17 वर्षीय किशोरी नेहा पर मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगा दी। नेहा अपनी जान बचाने के लिए घर के बाहर भागी और गली में गिर पड़ी।
ग्रामीणों ने आग बुझाकर किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, मगर 90 प्रतिशत तक जल चुकी नेहा ने 12 घंटे बाद ही दम तोड़ दिया। किशोरी के पिता नेत्रपाल के मुताबिक उनकी बेटी रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे खेत पर शौच के लिए गई थी। गांव में रहने वाले युवक ने खेत में उनकी बेटी के साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
शोर मचाने पर पड़ोस से गुजर रही गांव की दो महिलाओं ने युवक से किशोरी को बचाया। किशोरी ने घर पहुंचकर अपनी मां को घटना की जानकारी दी। किशोरी की मां ने आरोपी योगेश के घर पहुंचकर उसकी पिटाई कर दी। इससे बौखलाए योगेश ने किशोरी की मां को अंजाम भुगतने की धमकी दी।
घर में घुसकर मिट्टी का तेल छिड़ककर लगाई आग
सोमवार सुबह किशोरी के माता-पिता परिवार के साथ खेत में गेहूं की फसल काटने चले गए। घर में किशोरी और उसकी 10 वर्षीय बहन रह गई। करीब साढे़ सात बजे किशोरी ने अपनी छोटी बहन को दुकान से दाल लेने भेज दिया और खुद आंगन में बैठकर बर्तन साफ करने लगी।
इसी बीच योगेश घर में घुस आया और मिट्टी के तेल से भरी केन किशोरी के ऊपर उड़ेल दी। किशोरी कुछ समझ पाती उससे पहले ही योगेश ने माचिस जलाकर आग लगा दी। किशोरी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागी और करीब 70 मीटर आगे जाकर गिर पड़ी। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई।
आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शाम साढ़े सात बजे उसकी मौत हो गई। इस मामले में रोजा इंस्पेक्टर आरएन चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद आरोपी के परिवार वाले ताला डालकर फरार हो गए हैं।
लड़की बयान देकर मर गई, पुलिस कह रही आत्महत्या
नेहा ने अस्पताल में इलाज के दौरान अपने बयानों में युवक योगेश का नाम बताते हुए साफ-साफ तौर पर उसके द्वारा ही केन से तेल उड़ेलने की बात कही है। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान नेहा ने जो कुछ बताया, वह मीडिया वालों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया।
मजिस्ट्रेट को मृत्यु पूर्व बयान में भी नेहा के द्वारा यही घटना का उल्लेख किया जाना बताया गया है। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़खानी और आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर रोजा का कहना है कि जांच में पाया गया कि किशोरी ने छेड़खानी से परेशान होकर खुद आग लगा ली।