सपा ने केंद्र सरकार पर उत्तर प्रदेश के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है।
सपा का कहना है कि एक ओर केंद्र बिहार को विशेष पैकेज दे रही है तो दूसरी ओर यूपी की अनदेखी कर रही है।
पार्टी का कहना है कि यूपीए सरकार उत्तर प्रदेश के साथ जानबूझकर पक्षपात कर रही है।
पार्टी ने आरोप लगाया है कि बिहार की सत्तारूढ़ पार्टी जदयू के समर्थन से अपनी सरकार को बचाने के लिए सरकार ने पैकेज का दांव चला है।
सपा सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार भी काफी लंबे समय से आर्थिक पैकेज की मांग कर रहा है। प्रदेश के हर हिस्से में विकास की जरूरत है।
मगर केंद्र सरकार राजनीतिक स्वार्थ के चलते यूपी का पैसा रोककर बैठी है। सपा ने यूपी के साथ भेदभाव और बिहार में मेहरबानी के मुद्दे को संसद से सड़क तक उठाने का ऐलान किया।
पार्टी ने कहा है कि यूपी के साथ भेदभाव के पीछे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का हाथ है। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए ऐसा किया जा रहा है।
सपा सरकार को बदनाम किया जा रहा है कि वह केंद्र सरकार के पैसे का दुरुपयोग नहीं कर रही है। मगर हकीकत में केंद्र यूपी के विकास में बाधा डाल रहा है।
उसे एक एक पैसे के लिए परेशान किया जा रहा है। मंगलवार को सपा सांसद नरेश अग्रवाल ने यह मुद्दा उठाने के लिए राज्यसभा में नोटिस भी दिया था।
मगर संसद में कोयला घोटाले पर हंगामे के कारण वह यह मसला उठा नहीं सके। अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने यह मुद्दा उठाया है। सपा इस मुद्दे को दोबारा संसद में उठाएगी।
यह सरकार उत्तर प्रदेश की जनता की उपेक्षा कर रही है। जबकि बिहार को 1200 करोड़ का पैकेज देकर राजनीतिक हित साधे जा रहे है।