प्रमोशन में आरक्षण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी ने आज राज्यसभा में हंगामा किया। हंगामें के कारण राज्यसभा की कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी।
वहीं आरक्षण विधेयक के विरोध में लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ की। कार्यकर्ताओं ने वहां कांग्रेस दफ्तर के बाहर लगीं होर्डिग्स में आग भी लगा दी।
सोमवार को समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा में मुस्लिमों को नौकरियों में आरक्षण देने की मांग की। पार्टी ने सच्चर समिति की सिफरिशों को लागू करने मांग करते हुए राज्यसभा में हंगामा किया।
हंगामे के कारण प्रश्नकाल की कार्यवाही लगभग आधे घंटे तक बाधित रही। सपा के राम गोपाल यादव ने कहा कि सच्चर समिति की रिपोर्ट के अनुसार मुस्लिमों की सामाजिक आर्थिक स्थति बहुत खराब है।
उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को पदोन्नति में आरक्षण के लिए संविधान संशोधन पेश कर सकती है तो वह सरकारी नौकरियों में मुस्लिमों को आरक्षण क्यो नहीं दे रही है।
हालांकि भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने इसका विरोध किया। इस बीच अंसारी ने सपा सदस्यों को शांत रहने और सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया।
इसी दौरान सपा के सदस्य सभापति के आसन के समक्ष आकर 'सच्चर समिति की रिपोर्ट लागू करो' के नारे लगाने लगे। हंगामे की वजह से सभापति ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
सपा ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति को पदोन्नति में आरक्षण देने से संबंधित संविधान संशोधन विधयेक पेश किये जाने का भारी विरोध किया था।
सपा सदस्यों के सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करने के बाद इस विधेयक को सदन में चर्चा के लिए पेश किया जा सका था। इस पर 13 दिसंबर से चर्चा जारी है और आज इस पर मतदान होने की संभावना है।