शहर के फैसलाबाद मोहल्ले में सोमवार सुबह दुकान के विवाद में दो पक्षों में जमकर गोलीबारी हुई। गोली लगने से सपा नेता राशिद गाजी की मौत हो गई। साथ ही एक युवती समेत चार अन्य घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। मृतक राशिद के बड़े भाई मो. असलम ने मुबीन, उसके भाई शमीम और पुत्र मुसफ्फिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक फैसलाबाद मोहल्ला निवासी मुबीन का अपने भाई ताहिर के साथ दुकानों को लेकर विवाद चल रहा था। ताहिर के कब्जे वाली दुकानों पर मुबीन अपना चौथा हिस्सा होने का दावा कर रहा था। ताहिर ने दुकान का सौदा सपा के नगर उपाध्यक्ष और वार्ड नंबर दस की सभासद नूरी के पति राशिद गाजी उर्फ गुड्डू (28) को कर दिया था। सोमवार को दुकान का बैनामा होना था।
सुबह 11 बजे राशिद और मुबीन पक्ष के बीच में जमकर गोलीबारी हुई। इसमें राशिद गाजी, आकिल, इदरीस औैर दूसरे पक्ष के मुबीन, उसकी पुत्री शबनम गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां राशिद गाजी को मृत घोषित कर दिया गया। चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। फैसलाबाद में पुलिस तैनात कर दी गई है।