यूपी के एटा में दूसरे चरण के मतदान के दौरान सपा नेता व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव के बेटे पुष्पेंद्र यादव के सीओ जलेसर के साथ गाली-गलौज करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। सीओ ने थाना सकीट में मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
बुधवार को पुष्पेंद्र यादव इस मामले में सरेंडर करने अपर सिविल जज कोर्ट संख्या 25 में पहुंचा, लेकिन तब तक एफआईआर की कापी कोर्ट नहीं पहुंची थी और वह सरेंडर नहीं कर पाया।
घटना मंगलवार को हुई। दोपहर में जोनल मजिस्ट्रेट व सीओ जलेसर राघवेंद्र सिंह चौहान गांव कुंवरपुर पोलिंग स्टेशन पहुंचे। बूथ के बाहर भीड़ लगी थी और जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी पुष्पेंद्र यादव की गाड़ी खड़ी थी। जिसे सीओ ने हटवा दिया। इसके बाद सीओ सकीट के गांव इशारा पश्चिमी पहुंच गए।
यहीं सीओ के मोबाइल पर पुष्पेंद्र की कॉल आई और वह बोला, ‘तुमने मेरे साथ कुंवरपुर में बदतमीजी क्यों की।’ सीओ ने कहा ‘तुम अभी बच्चे हो।’ इससे पुष्पेंद्र का पारा चढ़ गया और उसने सीओ को गांव कुंवरपुर आने की चुनौती देते हुए कहा, ‘मैं बूथ कैप्चरिंग कर रहा हूं, रोक सकते हो तो रोक लो।’