तीन महीने बाद अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लालगंज में रेल कोच फैक्टरी का लोकार्पण कर रायबरेली को दीवाली गिफ्ट दिया।
बुधवार को उन्होंने फैक्टरी में तैयार 20 यात्री डिब्बों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही सोनिया ने कारखाने के लिए जमीन देने वाले किसानों के 14 परिजनों को नौकरी का नियुक्ति पत्र दिया।
उन्होंने कहा कि कोच फैक्टरी के निर्माण को लेकर बहुत अफवाहें फैलाई गईं, लेकिन सब कुछ दरकिनार करते हुए इस मुकाम को हासिल किया गया। विकास का पहिया इसी तरह चलता रहेगा।
इसके अलावा सोनिया ने 65 किमी लंबी रायबरेली-उतरेठिया रेल लाइन के दोहरीकरण और रायबरेली रेलवे स्टेशन पर बहुउद्देशीय कांप्लेक्स का बटन दबाकर शिलान्यास किया। उन्होंने बरवारीपुर में गरीबों के आवास का शिलान्यास भी किया। बुधवार को दो दिवसीय दौरे की शुरुआत सोनिया गांधी ने अपने बेटे व अमेठी सांसद राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र से की।