कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सर क्रीक मसले पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों को गलत करार दिया है। गांधीनगर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि मोदी सीमाओं (सर क्रीक) को लेकर आम जनता को उकसा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सर क्रीक विवाद कच्छ के रण में 96 किलोमीटर लंबे मुहाने को लेकर है। यह भारत के गुजरात को पाकिस्तान के सिंध प्रांत से अलग करता है।
सोनिया ने कहा कि ऐसे बेबुनियाद बयान देश की एकता से खिलवाड़ है। सच तो यह है कि आम जनता को अहम मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए नरेंद्र मोदी ऐसे बयान दे रहे हैं।
सोनिया ने कहा कि गुजरात में विकास के लिए केंद्र ने ज्यादा पैसे दिए। हालांकि प्रदेश सरकार इस पैसे का सही तरीके से खर्च करने में नाकाम रही। यहां तक कि मोदी ने किसानों की बिजली किसी और को बेच दी। सूबे में खास लोगों का ही विकास हुआ है। घर का सपना दिखा कर मोदी आम लोगों से छल कर रहे हैं।
गौरतलब है कि चुनावी रैली के दौरान मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहन पर निशानसा साधते हुए कहा, 'क्या यह सच नहीं है कि जब पाक राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी अप्रैल, 2012 में अजमेर यात्रा पर थे तब आपने उनके साथ लंच किया था। उस वक्त उन्होंने सर क्रीक का मुद्दा उठाया था।' हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि मोदी के आरोप 'बेबुनियाद' और 'शरारतपूर्ण' है।