नववर्ष के धमाल के लिए मथुरा के राधापुरम एस्टेट की अलग पहचान है, लेकिन नए साल की नई सुबह यहां गम का अंधेरा छा गया। सपनों को उड़ान देने में जुटी आयुषी की मौत की खबर यहां हर किसी को रुला गई। भाई से आयुषी आधी रात नव वर्ष की पार्टी मांग रही थी। सुबह एक्सप्रेसवे पर उसकी मौत की खबर आ गई।
राधापुरम एस्टेट निवासी सर्राफा व्यवसायी राजेश अग्रवाल और उनकी पत्नी रेखा की शादी की सालगिरह पर बिटिया आयुषी पांच दिसंबर को आई थी। इसके बाद सिर्फ उनकी फोन पर ही बातें हुईं। 31 दिसंबर की रात 12:15 बजे घर के हर सदस्य से आयुषी ने खूब बातें कीं। चचेरे भाई मानव से न्यू ईयर की पार्टी मांगी तो भाई हर्ष अग्रवाल को नई जैकेट दिलाने का वादा किया।
यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में जिन तीन छात्राओं की मौत हुई उसमें मथुरा की आयुषी भी थी।