क्रिकेटर से राजनेता बने भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू ‘बिग बॉस-6’ के घर से शुक्रवार शाम तक बाहर आ सकते हैं। अपने ‘रियल बॉस’ और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की डिमांड पर वह ऐसा करने जा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए मोदी के कहने पर भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने सिद्धू को बिग बॉस के घर से बाहर बुलाने का फरमान जारी किया है। सिद्धू की पत्नी और पंजाब में मुख्य संसदीय सचिव कौर ने रियलटी शो दिखा रहे चैनल को फोन करके सिद्धू को शो से बाहर निकालने का आग्रह किया है। चैनल ने इसकी पुष्टि कर दी है।
मोदी के सिद्धू प्रेम और पार्टी प्रधान के फरमान का खुलासा खुद उनकी पत्नी नवजोत कौर ने यहां बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में किया। बकौल नवजोत कौर पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने उन्हें इस बाबत फोन किया। उन्होंने बताया कि गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए वहां के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवजोत सिद्धू की मांग की है। गुजरात में प्रचार के लिए उन्हें एक महीने तक वहां रहना है।
पार्टी की इजाजत पर ही गए थे बिग बॉस
रिटलिटी शो के साथ करार के समय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा किए गए विरोध के सवाल पर नवजोत कौर ने कहा कि हम दोनों खुद नितिन गडकरी और अरुण जेटली से मिले थे। पार्टी की इजाजत लेकर ही सिद्धू ने चैनल से कांट्रेक्ट साइन किया था।
राजनीति से नहीं, टीवी चैनल से करते हैं कमाई
नवजोत कौर ने कहा कि टीवी चैनल से ही उनका घर चलता है, क्योंकि राजनीति से वह कोई कमाई नहीं कर रहे हैं। वह खुद बतौर डाक्टर डेढ़ लाख की नौकरी छोड़कर अब सीपीएस बनकर जनता की सेवा कर रही हैं। यहां उन्हें 50 हजार रुपये वेतन और अन्य भत्ते मिलते हैं। सिद्धू ने चौथी बार बिग बॉस को रिजेक्ट किया, लेकिन चैनलों के साथ ऐसा कब तक कर सकते हैं।
रेत, बजरी महंगी होने से कोठी का काम रुका
पूर्व क्रिकेटर सिद्धू की तर्ज पर उनकी पत्नी नवजोत कौर ने भी पंजाब सरकार पर करारा पंच मारते हुए कहा कि सूबे में रेत बजरी इतनी महंगी हो गई कि उनकी कोठी का निर्माण आधे में रुक गया है। उन्होंने कहा कि वह पटियाला की कोठी बेचकर अमृतसर में कोठी बना रही हैं, लेकिन निर्माण सामग्री महंगी होने के कारण काम रुक गया है।